Latest

मध्यप्रदेश में पर्यटन को मिली नई उड़ान, गाजे-बाजे के साथ शुरू हुई पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा

भोपाल, इंदौर और जलबपुर से जनप्रतिनिधियों ने भरी पहली उड़ान

सतना(YASHBHARAT.COM)।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश ने हवाई पर्यटन के क्षेत्र में एक गौरवशाली अध्याय आरंभ किया है। प्रदेश में एयर कनेक्टिविटी को सुदृढ़ कर पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा’ का संचालन आज गुरुवार, 20 नवंबर से विधिवत शुरू हो गया है। परंपरागत गाजे-बाजे, उत्साह, रंगों और स्थानीय जनता के गर्मजोशी भरे स्वागत के साथ यह सेवा शुरू हुई, जिसने पूरे प्रदेश में एक उत्सव जैसा माहौल बना दिया। यह सेवा अब नियमित रूप से संचालित होकर मध्य प्रदेश के पर्यटन मानचित्र को एक नई और तीव्र गति प्रदान करेगी।

पहली उड़ान: एक ऐतिहासिक पल

पहले दिन जनप्रतिनिधियों ने तीन सेक्टरों में शेड्यूल के अनुसार भोपाल से मढ़ई और मढ़ई से पचमढ़ी के लिए उड़ान भरी। इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा तथा बांधवगढ़ के बीच हेली सेवा संचालित हुई, जिसमें जनप्रतिनिधियों और महंतों ने इसका आनंद लिया।

 

पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार ) धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने कहा कि यह सेवा आध्यात्मिक, प्राकृतिक और वन्यजीव पर्यटन को एक तेज, सुगम और किफायती हवाई मार्ग प्रदान करेगी। यह नया हेली नेटवर्क न केवल यात्रियों का बहुमूल्य समय बचाएगा, बल्कि प्रदेश में रोजगार और निवेश को भी बढ़ावा देगा।

 

अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति, गृह और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व तथा प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि ‘पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा’ प्रमुख धार्मिक, प्राकृतिक, सांस्कृतिक और वन्यजीव स्थलों को जोड़ने का अभिनव प्रयास है। किफायती किराए और कम समय में गंतव्य तक पहुंचना इस सेवा को पर्यटकों के लिए अत्यंत आकर्षक बनाएगा। यह हाई-वैल्यू और आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा और घरेलू व अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करेगा।

 

भोपाल से प्रकृति के आंचल में

 

भोपाल से मढ़ई के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया सिंह नारोलिया, श्रीमती प्रीति शुक्ला, योगेंद्र राजपूत और संदेश पुरोहित ने यात्रा की। मढ़ई से पचमढ़ी तक की उड़ान में इनके साथ पिपरिया विधायक ठाकुर दास नागवंशी और सोहागपुर विधायक विजय पाल सिंह भी जुड़े।

 

इंदौर से पवित्र तीर्थों की यात्रा

 

इंदौर से महेंद्र हडिया, रमेश मेंदोला, सुनीता मिश्रा और श्रवण सिंह चावड़ा ने उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए उड़ान भरी। उज्जैन में आयोजित 10 मिनट की जॉय-राइड में महंत आनंद पुरी जी, महंत मंगल दास जी, महंत रामेश्वर गिरी जी और महंत डॉ. रामेश्वर दास जी सम्मिलित हुए।

 

जबलपुर से वन-संपदा तक

जबलपुर से अनिल तिवारी और ओमनारायण दुबे ने कान्हा और बांधवगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा। शेड्यूल के अनुसार जबलपुर से अमरकंटक की सेवा का संचालन 21 नवंबर से प्रारंभ होगा। इसके साथ ही जबलपुर से मैहर और चित्रकूट तक आवागमन के लिए हेली सेवा का लाभ पर्यटक ले सकेंगे।

धार्मिक सेक्टर :=उज्जैन–ओंकारेश्वर अब मिनटों में

इंदौर–उज्जैन (20 मिनट)

उज्जैन–ओंकारेश्वर (40 मिनट)

ओंकारेश्वर–इंदौर (25 मिनट)

 

इको टूरिज्म सेक्टर :=भोपाल–मढ़ई–पचमढ़ी तक तेज कनेक्टिविटी

भोपाल–मढ़ई (40 मिनट)

मढ़ई–पचमढ़ी (20 मिनट)

सीधी उड़ान: भोपाल–पचमढ़ी (60 मिनट)

वाइल्डलाइफ़ सेक्टर :=जबलपुर से जबलपुर-मैहर- चित्रकूट- कान्हा- बांधवगढ़- अमरकंटक की तेज पहुंच

जबलपुर–मैहर (60 मिनट)

मैहर–चित्रकूट (30 मिनट)

चित्रकूट–मैहर (30 मिनट)

जबलपुर–बांधवगढ़ (45 मिनट)

जबलपुर–अमरकंटक (60 मिनट)

 

यहां से होगी आसान बुकिंग

 

पर्यटक www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

Back to top button