श्री बजरंग कटाये घाट मेले में रासलीला के मंचन ने बांधा समां, भक्ति रस में सराबोर हुए श्रद्धालु राधा -कृष्ण की मनोहारी लीलाओं ने मोहा दर्शकों का मन, रविवार शाम होगा आकर्षक लेजर श
कटनी। श्री बजरंग कटाये घाट मेले की सांस्कृतिक संध्या शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण की भव्य रासलीला के नाम रही। सांस्कृतिक मंच पर कलाकारों ने मनमोहक अभिनय, भावपूर्ण संवाद, पारंपरिक संगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के जरिए राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं को जीवंत कर दिया। भक्ति, प्रेम और समर्पण से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। पूरा मेला परिसर श्रीकृष्ण के जयकारों और तालियों की गूंज से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
रासलीला के माध्यम से मेले में धार्मिक आस्था के साथ भारतीय सांस्कृतिक विरासत की भी मनोहारी झलक देखने को मिली। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, उमेंद्र अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रविवार को लेजर शो बिखेरेगा रोशनी का जादू
मेले की अगली सांस्कृतिक सौगात रविवार 29 नवंबर को आकर्षक लेजर शो के रूप में देखने को मिलेगी। शाम 6:30 बजे से आयोजित होने वाला यह शो रंग-बिरंगी रोशनी और आधुनिक तकनीक से सजे मनमोहक दृश्यों के जरिए दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा। नगर निगम उपायुक्त एवं मेला प्रभारी श्रीमती प्रियंका झारिया ने बताया कि दर्शकों को यादगार अनुभव देने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आकर्षक आयोजन का आनंद लेने की अपील की है।













