Latest

आसमान पर बादल छाए लेकिन नहीं हो रही बारिश, सावन में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान

कटनी(यशभारत.काम)। सावन में उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। जुलाई यानी सावन का महीना बारिश का खास माह माना जाता है। पिछले एक सप्ताह मानसून की बेरुखी के कारण तापमान बढ़ रहा है। सावन के महीने में शहर का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। बारिश की वजह से लोगों ने घरों में एसी-कूलर बंद कर दिए थे लेकिन बेचैन करने वाली गर्मी की वजह से फिर एसी-कूलर शुरु हो गए हैं। बहरहाल सावन के महीने में भी लोग उमस से बेहाल हैं। पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल तो छाए रहते हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही, जिससे तापमान बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई तक हल्की बारिश की संभावना है और उमस बनी रहेगी, तेज बारिश का इंतजार जुलाई के अंत तक करना होगा। फिलहाल मौसम इन दिनों तल्ख हो गया है। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने से उमसभरी गर्मी का वर्चस्व बढ़ गया है। दोपहर में सूर्य की तल्ख किरणें लोगों को परेशान कर रही हैं। वहीं आसमान में रह-रहकर बादलों की आवाजाही तो हो रही है लेकिन बारिश नहीं होती। सावन के मौसम में लोग झमाझम बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं। आसमान में बादलों की वापसी देखकर लोग बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है। जिसके कारण तापमान में वृद्धि और अधिक नमी के कारण उमस ने लोगों को दिन भर परेशान किए रखा। आसमान में बादलों का जमावड़ा जरूर दिखा लेकिन वह केवल दिखावे तक ही सीमित रहा। सूरज की झलक के साथ बादलों की लुकाछिपी ने वातावरण को और भी गरमा दिया है। वातावरण में नमी का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ा। पंखे और कूलर भी इस चिपचिपी गर्मी के आगे बेअसर साबित हुए।

 

Back to top button