बारिश के बीच अकीदत से निकले मुहर्रम के ताजिए, शांति और सौहार्द के साथ निकला ताजिया जुलूस
बारिश के बीच अकीदत से निकले मुहर्रम के ताजिए, शांति और सौहार्द के साथ सम्पन्न हुआ जुलू
कटनी। जिले में शुक्रवार को लगातार बारिश के बीच मुहर्रम की दसवीं तारीख आशूरा पर मुस्लिम समुदाय ने पूरे श्रद्धा और अकीदत के साथ ताजिए एवं सवारियां निकालीं। विभिन्न मोहल्लों से निकले ताजिए पारंपरिक मार्गों से होते हुए कर्बला मैदान पहुंचे, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका विसर्जन (ठंडा) किया गया।
मुहर्रम के अवसर पर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों सहित दिलावर चौक और शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर दिनभर “या अली”, “या हुसैन” और “या हसन” के नारों से वातावरण गूंजता रहा। बारिश के बावजूद अकीदतमंदों का उत्साह कम नहीं हुआ और बड़ी संख्या में लोगों ने जुलूस में शामिल होकर इमाम हसन और इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया।
अखाड़ों के कलाकारों ने पारंपरिक करतबों का प्रदर्शन कर आकर्षण का केंद्र बने। विभिन्न क्षेत्रों से निकले ताजियादार और अखाड़ेदार निर्धारित मार्गों से होते हुए कर्बला मैदान पहुंचे, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजियों को ठंडा किया गया।
मुहर्रम के जुलूस के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बना रहा। मुस्लिम समुदाय ने प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न किया।








