katniLatestमध्यप्रदेश

कटनी में नहीं रूकेगी अयोध्या से मुंबई के बीच कटनी होकर चलाई जा रही नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन, राजनैतिक उदासीनता के चलते शहरवासियों को नहीं मिलेगा अमृत

कटनी(YASHBHARAT.COM)। रामनगरी(अयोध्या) से मायानगरी मुंबई के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन कटनी जंक्शन होकर चलाई जा रही है लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि इस ट्रेन का कटनी जंक्शन में ठहराव नहीं है बल्कि यह कटनी को मुंह चिढ़ाते हुए निकल रही है। इस ट्रेन का कटनी जंक्शन में भी ठहराव हो ऐसा कुछ यहां के जनप्रतिनिधियों को करना पड़ेगा, नहीं शहरवासी इस महत्वपूर्ण ट्रेन की सुविधा से वंचित रहेंगे। गौरतलब है कि बीती 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामनगरी(अयोध्या) से मायानगरी मुंबई के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 22111/22112 का वर्चुअली शुभारंभ किया था। यह साप्ताहिक ट्रेन व्यापार, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देगी, जिससे अयोध्या और मुंबई के बीच बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। बहरहाल अयोध्या धाम से मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस बीती 29 अप्रैल बुधवार सुबह कटनी रेलवे स्टेशन से होकर गुजरी तो यहां खड़े यात्री ट्रेन को देखते रह गए और ट्रेन यात्रियों को मुंह चिढ़ाते हुए निकल गई। शहरवासियों ने सांसद व्ही.डी.शर्मा से मांग की है कि वो कुछ ऐसे प्रयास करें, जिससे इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव कटनी जंक्शन पर भी होने लगे। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 02211/02212 लोकमान्य तिलक टर्मिनसद-अयोध्या कैंट-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को स्वीकृति दी गई है। उद्घाटन विशेष फेरा 28 अप्रैल 2026 को अयोध्या धाम जंक्शन से संचालित किया गया। यह नई अमृत भारत एक्सप्रेस भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन और जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर, कटनी, सतना स्टेशन से होकर गुजरेगी लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि स्थानीय राजनेताओं की उदासीनता के चलते इस ट्रेन का जबलपुर रेल मंडल के जबलपुर व सतना स्टेशन पर तो इस ट्रेन का ठहराव होगा लेकिन कटनी जंक्शन में यह ट्रेन नहीं रूकेगी। जिससे शहर के लोग इस महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा से वंचित रहेंगे।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक