Site icon Yashbharat.com

दो जनप्रतिनिधियों के बीच की लड़ाई में लटका जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क निर्माण का मामला, आज फिर नगर निगम परिषद की बैठक में छाया रहा यह मुद्दा

IMG 20250120 WA0007

कटनी। शहर में जगन्नाथ चौक से लेकर घंटाघर तक सड़क निर्माण का कार्य वर्षो से अधर में लटका हुआ है तथा लोग इस मार्ग पर परेशानियों भरा सफर करने मजबूर हैं। शहर भर में यह भी चर्चा है कि दो जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी सामंजस्य स्थापित न हो पाने की वजह से सड़क का निर्माण कार्य नहीं हो पा रहा है। एक जनप्रतिनिधि सड़क का निर्माण कराना चाह रहा है जबकि दूसरा जनप्रतिनिधि श्रेय लेने के चक्कर में सड़क निर्माण कार्य में पेंच फंसा देता है। जिसके कारण सब कुछ सामान्य होने के बावजूद यह सड़क नहीं बन पा रही है। हालांकि निर्माण कार्य का यह पहला मामला नहीं है, जिसमें जनप्रतिनिधियों का इगो सिस्टम आपस में टकरा रहा है बल्कि इसके पूर्व भी हुए निर्माण कार्यों में यह सब देखने का मिल चुका है। बहरहाल कुछ भी हो लेकिन सड़क का निर्माण कार्य बहुत आवश्यक है। इसलिए इस सड़क का मुद्दा भी नगर निगम परिषद की बैठक में गर्माया हुआ है। शुक्रवार को इसी सड़क निर्माण के चक्कर में परिषद की बैठक को स्थगित करना पड़ा था। वहीं शुक्रवार को स्थगित हुई नगर निगम परिषद की बैठक आज सोमवार को फिर से दोपहर 12 बजे से शुरू हुई। शुक्रवार की बैठक में समय अधिक होने के कारण तीन प्रस्तावों पर चर्चा करने का निर्णय आज कार्यदिवस में लिया गया था। शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण अब आज फिर से यह बैठक आयोजित हुई। जिसमे सबसे अहम जगन्नाथ चौक-घंटाघर मार्ग का मुद्दा सदन मे छाया रहा, जिस पर शहरवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं। पिछले कई वर्षों से इस मार्ग के निर्माण को लेकर जो पहल की गई, वह अभी तक धरातल पर नहीं उतरा है। ऐसे में आज फिर सदन मे इस मुद्दे पर तीखी बहस छिड़ी रही और दो जनप्रतिनिधि आपस में भिड़े रहे। इस सड़क के बारे में अधिकारी और जनप्रतिनिधि मिलकर क्या निर्णय हुआ, जिससे कि कई दशकों की समस्या से लोगों को निजात मिल सके। आज तीन प्रस्तावों पर आज चर्चा हुई उनमें पहला प्रस्ताव जैव विविधता प्रबंधन समिति गठन के संबंध में है। इसकी तैयारी अधिकारियों ने पूरी कर ली है इसलिए इस पर आसानी से चर्चा हो रही। दूसरे प्रस्ताव में जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क चौड़ीकरण का है, जिसे लेकर उहापोह की स्थिति निर्मित रही। तीसरा प्रस्ताव कलेक्ट्रेट के सामने नवनिर्मित कॉम्प्लेक्स में दुकान/हॉल की नीलामी के संबंध में चर्चा हुई। बहरहाल नगर निगम में परिषद की बैठक जारी है। बैठक में महापौर प्रीति संजीव सूरी, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक और नगर निगम के अधिकांश पार्षद मौजूद रहे। बैठक की शुरूआत में जैव विविधता संरक्षण समिति में सदस्यों का चुनाव और महापौर को समिति का अध्यक्ष बनाये जाने पर विपक्षी पार्षदों ने विरोध जताया। समाचार लिखे जाने तक परिषद की बैठक जारी थी तथा जगन्नाथ चौक से घंटाघर तक सड़क निर्माण को लेकर एक बार फिर जनप्रतिनिधियों में सामंजस्य की स्थिति बनती नहीं दिख रही थी।

 

Exit mobile version