Site icon Yashbharat.com

दूसरों से संबंध बनाने पति देता था दबाव, आवेश में आकर पत्नी ने की थी गला घोंटकर पति की हत्या, बहोरीबंद पुलिस ने सुलझाई अंधे कत्ल की गुत्थी

IMG 20251020 WA0023

कटनी(YASHBHARAT.COM)। बहोरीबंद थाना क्षेत्र में हुई एक संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पत्नी द्वारा बीमारी का हवाला देकर बताई गई मौत दरअसल हत्या निकली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पत्नी ने आवेश में आकर अपने पति का गला घोंटकर उसकी जान ले ली थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दहिया ने बताया कि 1 अक्टूबर को ग्राम सिमरापटी निवासी अनोज उर्फ अनुज चौधरी (32) की संदिग्ध परिस्थितियों में घर पर मृत्यु हो गई थी। पत्नी किरण चौधरी ने प्रारंभिक तौर पर बताया था कि पति की मौत बीमारी से हुई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से दम घुटने की पुष्टि हुई।

शक के आधार पर मृतक के परिजनों से पूछताछ की गई, जिसमें यह बात सामने आई कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। जांच में पता चला कि 1 अक्टूबर की रात आरोपी पत्नी ने सोते समय कपड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी और झूठी कहानी रच दी।

पूछताछ में आरोपी किरण चौधरी ने कबूल किया कि उसका पति उससे मारपीट करता था और उसे दूसरों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। बार-बार की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने गुस्से में यह कदम उठाया।

पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गमछा भी बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डेहरिया और एसडीओपी स्लीमनाबाद के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दहिया तथा उनकी टीम — सउनि अनुराग पाठक, ध्रुव सिंह, मोनेन्द्र सिंह, आरक्षक बृजेश सिंह, दीपक सिंह, कोमल शा और महिला आरक्षक वंदना रजक — द्वारा की गई।

Exit mobile version