बोरे में बंद महिला की लाश की हुई पहचान राजीव गांधी वार्ड की थी महिला
बोरे में बंद महिला की लाश की हुई पहचान राजीव गांधी वार्ड की थी महिला

कटनी। माधवनगर थाना क्षेत्र की झिंझरी पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम गुलवारा में बायपास मार्ग से लगभग 500 मीटर दूरी पर आज सुबह बोरे में बंद मिली महिला की लाश की शिनाख्त करने में पुलिस को सफलता मिल गई है। महिला राजीव गांधी वार्ड निवासी 47 बर्षीय राधा पति गोपी पटेल है जो गत 18 फरवरी से लापता थी। समाचार लिखे जाने तक शिनाख्त होने के बाद पुलिस अब इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुट गई है। गौरतलब है कि झिंझरी पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलवारा बाईपास ओवर ब्रिज से लगभग 500 मीटर की दूरी पर आते जाते हुए लोगों ने आज सुबह सड़क किनारे गड्ढे में प्लास्टिक के काले बोरे में एक महिला की लाश देखी। लाश देखे जाने के बाद यह बात समूचे क्षेत्र में जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती ख्याति मिश्रा, माधवनगर थाना प्रभारी मनोज गुप्ता, झिंझरी पुलिस चौकी प्रभारी महेंद्र जायसवाल, बिलहरी चौकी प्रभारी गोपाल विश्कर्मा सहित अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर जा पहुंचा। जांच करते हुए पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो उसमें हरे रंग की साड़ी पहने एक लगभग 45 वर्षीय महिला की लाश निकली। महिला का शव पूरी तरह क्षतविक्षत अवस्था में पाया गया है। चोट के निशान के कारण महिला का चेहरा पूरी तरह बिगड़ चुका है, जिससे उसे पहचानना भी मुश्किल था लेकिन पुलिस को चंद घंटोंं के अंदर ही महिला की पहचान करने में सफलता मिल गई।








