
कटनी । नगर निगम कटनी में विकास कार्यों में भेदभाव की तैयारी की जा रही है तत्संबंध में नगर निगम आयुक्त द्वारा जनप्रतिनिधियों के द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर विभागीय समिति की अनुशंसा पश्चात प्रस्ताव को आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत करने के संबंध में आदेश जारी किया गया है।
जबकि नगर निगम अधिनियम में प्रस्ताव प्रस्तुत करने से लेकर प्राक्कलन तैयार करने, प्रशासकीय स्वीकृति, तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया, निर्माण कार्य और भुगतान के संबंध में विभागीय समिति की अनुशंसा का कोई प्रावधान नहीं है।
नगर निगम प्रशासन के अधिकारियों की लापरवाही के चलते नए वित्तीय वर्ष को प्रारम्भ हुए महीनों बीत जाने के बाद भी बजट पेश नहीं हो सका है और जब वार्डो में विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं उसमे भेदभाव करने और सत्ताधारी दल के पार्षदों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे आदेश जारी किए जा रहे हैं जबकि अन्य विभागों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं किया जा रहा है और खुलेआम स्वास्थ विभाग सहित अन्य विभागों में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है ।
जिसकी बानगी विगत दिनों एम एस डब्ल्यू द्वारा कचरा में मिट्टी की धुलाई, कचरे का निष्पादन ना होना, घटिया रोड डिवाइडर के रूप में देखने को मिला है जिसकी खबरे व शिकायत नगर निगम से लेकर समाचार पत्रों और सोशल मीडिया पर होने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष रागिनी मनोज गुप्ता ने कहा है कि इस प्रकार के तुगलकी फरमान को वापस नहीं लिया गया और विकास कार्यों में भेदभाव किया गया तो जनता के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।








