Latest

बारूद के ढेर पर बैठा आजाद चौक, शहर के अंदर बम की गोदाम को बाहर कराए प्रशासन

कटनी। शहर का आजाद चौक एक ऐसा क्षेत्र है जो बारूद के ढेर पर बैठा है। यहां जब आबादी नहीं थी, तब प्रशासन ने शहर के एक कारोबारी को यहां बम गोदाम का लाइसेंस जारी किया था लेकिन समय के साथ यहां आबादी बढ़ती गई और अब पूरा क्षेत्र आबादी क्षेत्र में बदल गया है। इसके बावजूद यहां स्थित बम दुकान व बम गोदाम को बाहर नहीं किया गया है। जिसके कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। माधवनगर में एक पेट्रोल पंप को ढाल बनाकर फुटकर कारोबारियों को पटाखा लाइसेंस जारी न करने वाला प्रशासन आखिर इस आबादी क्षेत्र में स्थित बम दुकान व बम गोदाम का नवीनीकरण कैसे कर रहा है, यह समझ से परे है। क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन व एसडीएम प्रदीप मिश्रा का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए यहां बस्ती के बीचोबीच स्थित बम दुकान व बम गोदाम को शहर के बाहर करने की मांग की है।

तेज धमाकों व आवाज वाले बम भी हो प्रतिबंधित

साल दर साल दीवाली के बमों की धमक व आवाज भी तेज होती जा रही है। कुछ बमों की धमक तो इतनी रहती है कि आसपास के मकान तक हिल जाते हैं और दीवारों में दरारे भी पड़ जाती है। इसलिए प्रशासन व पुलिस को ऐसे बमों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए और पटाखा कारोबारियों की दुकान व गोदाम में दबिश देकर अभी से ऐसे बमों की जप्ती करनी चाहिए। जिससे दीवाली पर्व के दौरान बमों के धमाके से कोई बड़ी घटना न घटे।

 

Back to top button