Latest

Terrorist: पश्चिम बंगाल में चार आतंकी गिरफ्तार,बड़े हमले की रच रहे थे साजिश

कोलकाता । महानगर के सियालदह और हावड़ा रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर कोलकाता पुलिस के स्पेशल टास्क फोर्स ने जमात उल मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन आतंकियों के पास से इस्लामिक स्टेट ऑफ सीरिया एंड इराक (आइएसआइएस) के कई दस्तावेज मिले हैं, जिससे आशंका जताई गई है की इन आतंकियों का जेएमबी के साथ-साथ आइएसआइएस आतंकी संगठन के साथ भी संबंध है।

इन चार सदस्यों से पूछताछ में भी कई राज सामने आए हैं। आतंकी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे जिसका ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा था। आतंकियों से जब्त मोबाइल में बम बनाने का प्लान भी पाया गया है। सूत्रों के अनुसार हावड़ा और सियालदह स्टेशन परिसर से तीन बांग्लादेशी समेत चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद उनके पास से आइएस से जुड़े दस्तावेज के साथ ही जिहादी किताबों की पीडीएफ फाइल एवं पंफलेट के डिजिटल प्रारूप मिलने के बाद एसटीएफ के कान खड़े हो गए थे।

संदिग्ध आतंकियों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई तो कई सनसनीखेज तथ्य हाथ लगे हैं। जेएमबी के आतंकियों ने भारत में फर्जी आधार कार्ड बनवाकर मुर्शिदाबाद जिले से मोबाइल का सिम खरीद लिया था। बड़े हमले का ब्लू प्रिंट लेकर जियाउर, मामोनूर, अलामीन और रविउल कोलकाता आए थे। चारों मिलकर हमले की साजिश रच रहे थे।

Leave a Reply

Back to top button