Summer Veggie Tips: गर्मियों में तेजी से सड़ जाती हैं हरी सब्जियां? FSSAI की इन 3 ट्रिक से हफ्तों तक रहेंगी एकदम फ्रेश
गर्मियों के मौसम में बढ़ती तपिश और उमस (Humidity) के कारण हरी सब्जियों को लंबे समय तक ताजा रखना किसी चुनौती से कम नहीं होता। लापरवाही बरतने पर सब्जियां न सिर्फ सड़ने लगती हैं, बल्कि उनमें बैक्टीरिया और फंगल इन्फेक्शन भी तेजी से बढ़ता है।
इस समस्या को दूर करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सब्जियों को सही तरीके से स्टोर करने के लिए एक विशेष एडवाइजरी जारी की है। इन टिप्स को अपनाकर आप अपनी सब्जियों को लंबे समय तक फ्रेश रख सकते हैं और उनके पोषक तत्व (Nutrients) भी सुरक्षित रहेंगे। Summer Veggie Tips: गर्मियों में तेजी से सड़ जाती हैं हरी सब्जियां? FSSAI की इन 3 ट्रिक से हफ्तों तक रहेंगी एकदम फ्रेश
सब्जियां स्टोर करने के 3 मुख्य स्टेप्स
1. पहला स्टेप: डीप क्लीनिंग और सुखाना
बाजार से हरी सब्जियां लाने के बाद सबसे पहला काम उन्हें अच्छी तरह धोना है। पानी से धोने पर सब्जियों पर जमा गंदगी, केमिकल और बैक्टीरिया साफ हो जाते हैं।
-
महत्वपूर्ण बात: धोने के तुरंत बाद सब्जियों को फ्रिज में न रखें। उन्हें किसी साफ सूती कपड़े या टॉवल पर फैलाकर पूरी तरह सुखा लें। अगर सब्जी में पानी रह गया, तो वह फ्रिज के भीतर बहुत जल्दी सड़ जाएगी।
2. दूसरा स्टेप: पेपर टॉवल का स्मार्ट इस्तेमाल
हरी पत्तेदार सब्जियों (जैसे पालक, धनिया, मेथी) को स्टोर करने के लिए उन्हें साफ पेपर टॉवल (टिश्यू पेपर) में लपेटकर रखें। पेपर टॉवल फ्रिज की अतिरिक्त नमी को सोख लेता है और सब्जियों को जरूरी ठंडक भी देता है।
-
सावधानी: सब्जियों को लपेटने के लिए कभी भी न्यूजपेपर (अखबार) या किसी भी छपे हुए रंगीन कागज का इस्तेमाल न करें। अखबार की स्याही (Ink) में हानिकारक रसायन होते हैं, जो सब्जियों के जरिए आपके शरीर में पहुंचकर सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
3. तीसरा स्टेप: सही बैग का चुनाव (प्लास्टिक को कहें ना)
बाजार से जिस प्लास्टिक की थैली में सब्जियां आती हैं, लोग अक्सर उन्हें वैसे ही फ्रिज में ठूंस देते हैं। ऐसा करने से हवा पास नहीं होती और गैस बनने के कारण सब्जियां गल जाती हैं।
-
विकल्प: सब्जियों को स्टोर करने के लिए हमेशा वेंटिलेशन वाली नेट (जालीदार बैग) या कपड़े के वेजिटेबल बैग का ही इस्तेमाल करें।
सब्जियां स्टोर करने के ‘बोनस टिप्स’
-
अलग-अलग रैक में रखें: सभी सब्जियों को एक साथ ठंसकर रखने के बजाय फ्रिज के अलग-अलग खानों (रैक्स) में फैलाकर रखें। अगर एक भी सब्जी सड़ रही होगी, तो वह बाकी सब्जियों को खराब नहीं कर पाएगी।
-
टमाटर को फ्रिज से रखें बाहर: टमाटर को फ्रिज में रखने से उसका स्वाद और टेक्सचर खराब हो जाता है। इन्हें हमेशा कमरे के तापमान पर किसी सूखी और ठंडी जगह पर रखें।
-
आलू और प्याज को न भाए फ्रिज: आलू और प्याज को कभी भी फ्रिज में नहीं रखना चाहिए। फ्रिज की ठंडक और नमी के कारण आलू का स्टार्च शुगर में बदल जाता है और प्याज सड़ने लगती है। साथ ही ये बहुत तेजी से अंकुरित (Sprout) होने लगते हैं। इन्हें खुली और हवादार टोकरी में अलग-अलग रखें (आलू-प्याज को साथ रखने से भी वे जल्दी खराब होते हैं)।
-
पहले आओ, पहले पाओ (FIFO नियम): सब्जियों को बहुत लंबे समय तक स्टोर करने की आदत से बचें। जो सब्जियां फ्रिज में पहले से रखी हैं, उन्हें पहले पकाएं और नई सब्जियों को बाद में इस्तेमाल करें।
FSSAI के मुताबिक, सही तरीके से प्रिजर्व की गई सब्जियां न केवल आपके पैसों की बर्बादी रोकती हैं, बल्कि गर्मियों के दिनों में आपको फूड पॉइजनिंग और पेट की बीमारियों से भी सुरक्षित रखती हैं।

