Wednesday, May 20, 2026
Latest:
Latest

अचानक झाड़ियों से निकलकर सड़क पर आया आरटीओ कर्मचारी, बचाने के चक्कर में पलटा आम लोड ट्रक, चालक व क्लीनर गंभीर

कटनी। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर झुकेही के समीप ग्राम टिकरवारा के पास आज सुबह आरटीओ कर्मचारी को बचाने के चक्कर में आम से लोड ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में ट्रक के चालक व क्लीनर को चोट आई है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि वर्तमान में जबलपुर व कटनी आरटीओ दस्ते के द्धारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 पर जमकर अवैध वसूली की जा रही है। जबलपुर का आरटीओ दस्ता कटनी व जबलपुर जिले की सीमा रेखा ग्राम धनगवां के पास तैनात हो रहा है तो कटनी आरटीओ का दस्ता कटनी व मैहर जिले की सीमारेखा झुकेही के पास तैनात रहकर हाइवे के वाहन चालकों से वसूली करने में जुटा हुआ है। केन्द्रीय परिवहन मंत्री की सख्त हिदायद के बावजूद जबलपुर व कटनी आरटीओ दस्ते की मनमानी हाइवे पर रूकने का नाम नहीं ले रही है। आज आरटीओ दस्ते की लापरवाही के कारण ही आम से लोड अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जाता है कि ट्रक क्रमांक डी.डी.01जेड-9896 आम लेकर जा रहा था। उसीदौरान हाइवे पर ग्राम टिकरवारा के पास तैनात आरटीओ दस्ते के कर्मचारी झाड़ियों से निकलकर अचानक ट्रक रोकने सड़क पर आ गया। बताया जाता है कि रफ्तार अधिक होने की वजह से ट्रक चालक कर्मचारी को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जाता है कि दुर्घटना में ट्रक के चालक को क्लीनर को गंभीर चोट आई हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। हाइवे के वाहन चालकों ने केन्द्रीय परिवहन मंत्री का ध्यान इस ओर आकर्षित कराते हुए हाइवे पर जबलपुर व कटनी आरटीओ की अवैध वसूली पर अंकुश लगाने की मांग की है।

 

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक