katniमध्यप्रदेश

शासकीय कन्या महाविद्यालय, में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल समापन

शासकीय कन्या महाविद्यालय, में तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल समाप

 

कटनी। उच्च शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार शासकीय कन्या महाविद्यालय, कटनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत, मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ।

 

समापन सत्र का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को महाविद्यालयीन वातावरण से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न शैक्षणिक, सहशैक्षणिक एवं कल्याणकारी गतिविधियों की समग्र जानकारी प्रदान करना था।

 

कार्यक्रम के अंतिम दिवस में छात्राओं को महाविद्यालय में उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं से अवगत कराया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में छात्राओं को अनुशासित, आत्मविश्वासी एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए मानसिक स्वास्थ्य एवं भावनात्मक कल्याण के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।

 

महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी नागेन्द्र यादव ने वर्षभर आयोजित होने वाली जिला, संभाग एवं विश्वविद्यालय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं की विस्तृत जानकारी देते हुए छात्राओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एमडीसी (MDC) पाठ्यक्रम के अंतर्गत शारीरिक शिक्षा विषय का चयन करने के लाभ भी बताए।

 

डॉ. रोशनी पाण्डेय ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा एंटी रैगिंग संबंधी नियमों एवं जागरूकता पर विस्तार से जानकारी दी तथा सुरक्षित एवं सकारात्मक महाविद्यालयीन वातावरण बनाए रखने में छात्राओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं ग्रंथपाल पंकज सेन ने महाविद्यालय पुस्तकालय की विभिन्न सेवाओं, ई-ग्रंथालय तथा ओएनओएस (One Nation One Subscription) जैसी डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को अध्ययन एवं शोध के लिए उपलब्ध ऑनलाइन संसाधनों के प्रभावी उपयोग हेतु प्रेरित किया। साथ ही मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना एवं अन्य छात्रहितकारी योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की गई।

 

कार्यक्रम के संयोजक श्री के.जे. सिन्हा एवं सह-संयोजक डॉ. अर्पित द्विवेदी सहित समस्त प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित छात्राओं का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कार्यक्रम का प्रभावी एवं कुशल संचालन डॉ. संजयकांत भारद्वाज ने किया, जबकि अंत में डॉ. रश्मि चतुर्वेदी ने उपस्थित सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, छात्रहितकारी योजनाओं, खेल, एनसीसी, पुस्तकालय एवं अन्य गतिविधियों की उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई, जिससे उनमें नए शैक्षणिक सत्र के प्रति उत्साह, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

Back to top button