मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

‘मेरे सपनों का भारत’ पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभ
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा विकसित भारत की परिकल्पना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील वाजपेई ने की। आयोजन डॉ. माधुरी गर्ग, डॉ. रुक्मणि प्रताप सिंह, डॉ. नेहा त्रिपाठी एवं सुश्री अंकिता गोस्वामी के मार्गदर्शन में हुआ। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सपनों के भारत की परिकल्पना को चित्रों एवं प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से प्रस्तुत किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्र की प्रगति, स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत जैसे विषयों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता में वर्षा साहू ने प्रथम, पूनम निषाद ने द्वितीय तथा प्रज्ञा सोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में श्री आयुष तिवारी, डॉ. डी.एस. राजपूत एवं डॉ. शोभाराम पाटिल रहे।
भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत के उज्ज्वल भविष्य, युवा शक्ति, शिक्षा, विकास और राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की भूमिका पर विचार रखे। इसमें सरिता कौरव ने प्रथम, अमित साहू ने द्वितीय तथा शीतल विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. डी.एस. राजपूत एवं श्री अमित चौधरी शामिल रहे।
आयोजन में डॉ. शैलजा कटारे, श्री योगेन्द्र सोनी, श्री शुभेन्दु मिश्रा, श्री नरेश कुलस्ते, डॉ. ज्योत्सना पाठक एवं डॉ. राजश्री शर्मा सहित अन्य का सहयोग रहा। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सार्थक बनाया। महाविद्यालय परिवार ने विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रहित से जुड़ी रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।








