प्लास्टिक फ्री वीक में छात्रों ने दिखाई जागरूकता, वाणिज्य विभाग बना विजेता

प्लास्टिक फ्री वीक में छात्रों ने दिखाई जागरूकता, वाणिज्य विभाग बना विजेत
कटनी। चड्ढा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन द्वारा संचालित कटनी आर्ट्स एंड कॉमर्स ऑटोनॉमस कॉलेज में एक सप्ताह तक चलने वाले ‘प्लास्टिक फ्री वीक’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के समन्वयक डॉ. शोभाराम मेहरा, राष्ट्रीय सेवा योजना कटनी की संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, उप-प्राचार्य डॉ. राजीव खत्री, परीक्षा केंद्राध्यक्ष डॉ. स्वाति छिरौलिया, रजिस्ट्रार शरद निरंकारी, परीक्षा नियंत्रक डॉ. आर.आर.एस. परिहार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना प्रभारी डॉ. शैलेन्द्र वर्मा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत महाविद्यालय परिसर को वाणिज्य, कला और विज्ञान तीन विभागों में बांटकर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रत्येक विभाग से चार छात्र-छात्राओं को ‘प्लास्टिक पुलिस’ की भूमिका दी गई, जिन्होंने दूसरे विभागों के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लास्टिक पाए जाने पर जागरूकता एवं चालानी कार्रवाई के प्रतीक स्वरूप रेड, यलो और ग्रीन कार्ड दिए गए।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वाणिज्य विभाग ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
प्राचार्य डॉ. जय चड्ढा ने कहा कि प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग देश ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए गंभीर पर्यावरणीय समस्या बनता जा रहा है। उन्होंने प्लास्टिक के स्थान पर कागज, कपड़े और बांस जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग पर जोर दिया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों, स्टाफ और विद्यार्थियों को प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक शैलेज तिवारी ने किया। आयोजन में आस्था मिश्रा, अतीत तिवारी और रेशु पाण्डेय सहित महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








