वेंकट लाइब्रेरी की बदहाली पर भड़के छात्र, निगम कार्यालय में नारेबाजी-प्रदर्शन
वेंकट लाइब्रेरी की बदहाली पर भड़के छात्र, निगम कार्यालय में नारेबाजी-प्रदर्श
कटनी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ABVP महाकौशल प्रांत के जिला कटनी इकाई द्वारा शहर की एकमात्र शासकीय वेंकट लाइब्रेरी में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका निगम के कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान छात्रों का आक्रोश भी देखने को मिला। निगम कार्यालय पहुंचकर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आयुक्त के चेंबर के बाहर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए माहौल गरमा गया और प्रदर्शनकारियों व अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया ने हस्तक्षेप किया और समझाइश देकर माहौल शांत कराया। इस दौरान पुलिस बल भी तैनात रहा, वहीं नगर निगम के अधिकारी- कर्मचारी एवं उपायुक्त भी मौके पर मौजूद रहे।
ज्ञापन में परिषद ने लाइब्रेरी में शुद्ध पेयजल की कमी, शौचालयों की अस्वच्छता, बंद पड़े एसी-कूलर, खराब सीसीटीवी कैमरे और विद्यार्थियों के लिए बैठने-खाने की उचित व्यवस्था न होने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन के उपरांत निगम प्रशासन द्वारा प्रदर्शनकारियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ABVP ने प्रशासन से मांग की है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, जिससे उन्हें बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके।

