खनिज अमले का सख्त एक्शन: लाइम स्टोन खदानों का निरीक्षण, रायल्टी जमा करने के निर्देश
खनिज अमले का सख्त एक्शन: लाइम स्टोन खदानों का निरीक्षण, रायल्टी जमा करने के निर्दे
कटनी। वित्तीय वर्ष 2025-26 की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग ने सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील विजयराघवगढ़ क्षेत्र में संचालित चूना पत्थर (लाइम स्टोन) खदानों का व्यापक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खनिज अमले द्वारा खदानों में उत्पादित खनिज की मात्रा और उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तथा पोर्टल में दर्ज आंकड़ों से उसका मिलान किया गया। इस प्रक्रिया में उत्पादन और स्टॉक के बीच पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
खनिज अधिकारियों ने खदान संचालकों को निर्देशित किया कि वे शीघ्रता से अपने स्टॉक मैटेरियल का प्रेषण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर रायल्टी राशि जमा करें। प्राथमिक निरीक्षण के तहत ग्राम नन्हवारा, सुनहरी, सलेया, आमहेटा, विस्तरा एवं बड़ारी क्षेत्र की खदानों का निरीक्षण किया गया, जहां सीमको, कर्मचंद्र, दुबास, आर.बी. गौर और रवि ग्रोवर की खदानें शामिल रहीं।
सभी पट्टाधारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे 28 मार्च तक खनिज मात्रा के अनुरूप रायल्टी जमा कराना सुनिश्चित करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में कम रायल्टी पाए जाने की स्थिति में संबंधित खदान संचालकों के विरुद्ध रिकवरी की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप संचालक खनिज आर.के. दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमल कांत परस्ते सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। खनिज विभाग द्वारा शेष खदानों में भी सत्यापन की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।








