स्वच्छता नियमों के उल्लंघन करने एवं अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वालों पर की गई स्पाॅट फाइन की कार्यवाही, नेहरू वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर किया गया 2200 का जुर्माना(नगर निगम कटनी के गलियारे की खबरें)
स्वच्छता नियमों के उल्लंघन करने एवं अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वालों पर की गई स्पाॅट फाइन की कार्यवाही, नेहरू वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर किया गया 2200 का जुर्माना(नगर निगम कटनी के गलियारे की खबरें)
कटनी। नगर की स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी एवं सतत बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम कटनी द्वारा नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा नेहरू वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों पर 3 प्रतिष्ठान संचालकों द्वारा गंदगी फैलाने, स्वच्छता नियमों की अवहेलना करने पर 1600 रुपये का स्पाॅट फाइन लगाया गया। वहीं अमानक पॉलीथिन का उपयोग करने वाले 2 प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध 600 रुपये के जुर्माने की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कुछ स्थानों पर खुले में कचरा फेंकने, दुकानों के सामने गंदगी फैलाने तथा निर्धारित कचरा संग्रहण व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा था। ऐसे मामलों में संबंधितों पर नगर निगम अधिनियम एवं स्वच्छता उपविधियों के अंतर्गत तत्काल स्पॉट फाइन आरोपित किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमों का उल्लंघन न केवल शहर की सुंदरता को प्रभावित करता है, बल्कि जनस्वास्थ्य के लिए भी जोखिम उत्पन्न करता है। इसी कारण भविष्य में भी निरीक्षण अभियान जारी रखते हुए नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि कचरा पृथक्करण कर निर्धारित समय एवं स्थान पर ही दें, अमानक पॉलीथिन का उपयोग न करें तथा सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखें और नगर को साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
नियमित कर्मचारी अजय के आकस्मिक निधन पर नगर निगम कार्यालय में शोकसभा संपन्न, दो मिनट का मौन रखकर दी गई श्रद्धांजलि
कटनी। नगर निगम कटनी के स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ रहे नियमित कर्मचारी श्री अजय पिता प्रकाश का विगत 3 जनवरी शनिवार को आकस्मिक निधन हो जाने पर नगर निगम परिवार द्वारा, निगम कार्यालय में शोक सभा आयोजित की गई। शोकसभा के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दो मिनट का मौन रखकर परम पिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार पर आए इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने प्रार्थना की गई। शोकसभा के दौरान नगर निगम अध्यक्ष श्री मनीष पाठक मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्व श्री सुभाष साहू, डाॅ रमेश सोनी पार्षद शशिकांत तिवारी सहित निगम अधिकारी राजस्व अधिकारी जागेश्वर पाठक, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, प्रभारी कार्यालय अधीक्षक नागेन्द्र पटेल सहित अन्य विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारियों की उपस्थित रहे।
सुगम जल निकासी के मद्देनजर अभियान स्वरूप कराई गई नाले – नालियों की सफाई, नागरिकों को समुचित सफाई व्यवस्था मुहैया कराने दो शिफ्ट में किये जा रहे सफाई के प्रयास
कटनी। नागरिकों को समुचित सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु निगम प्रशासन द्वारा रोजाना दो शिफ्ट में सफाई का कार्य संचालित किया जा रहा हैं। प्रातः एवं सायं कालीन शिफ्ट में स्वास्थ्य अमले द्वारा मशीनों एवं श्रमिकों के माध्यम से मुख्य मार्गो, व्यावसायिक स्थलों, अन्य मार्गो सहित नाले एवं नालियों की विशेष सफाई की जाकर एकत्रित अपशिष्ट का उठाव कार्य किया जा रहा है।
सुगम जल निकासी के प्रयास
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी ने बताया कि नाले -नालियों की सफाई कराई जाकर सुगम जल निकासी की व्यवस्था मुहैया कराने के उद्देश्य से सोमवार प्रातः कावस जी वार्ड स्थित भट्टा मोहल्ला, एवं बगरहटी क्षेत्र की नालियों की सफाई का कार्य कराया गया। इसके अलावा राम मनोहर लोहिया वार्ड, जयप्रकाश वार्ड नई बस्ती, जगमोहन दास वार्ड, आचार्य विनोबा भावे वार्ड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड स्थित बडी काली माता मंदिर मार्ग, राम जानकी हनुमान वार्ड, अंबेडकर वार्ड, विश्राम बाबा वार्ड, कावस जी वार्ड स्थित रजा भाईजान एवं दीपक कबाड़ी की दुकान के सामने, बाल गंगाधर तिलक वार्ड गली क्रमांक 7, वार्ड क्रमांक 45 सहित विभिन्न स्थलों के नाले एवं नालियों की तली तक सफाई कराई जाकर सुगम जल निकासी के प्रयास किये गए।
मुख्य एवं व्यावसायिक स्थलों की सफाई
नगर की समुचित सफाई व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए नगर के मुख्य व्यवसायिक मार्गो बस स्टैंड परिसर, स्टेशन रोड , गोल बाजार, सुभाष चौक से मिशन चैक, दुर्गा चौक, बरगवां मुख्य मार्ग, माधवनगर गेट से कुंदन दास स्कूल तक, मंगल नगर, एनकेजे बजरिया, हाउसिंग बोर्ड कालोनी, भीमराव चौक, नई बस्ती, लखेरा, व्ही आई पी मार्ग, बरगवां ओव्हर ब्रिज, जगन्नाथ चौक से गर्ग चौराहा, नदी पार सहित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रामद्वार से दुगाडी नाला तक सड़क किनारे मार्ग की सफाई का कार्य कराया गया। वहीं मुख्य मार्गो की सुंदरता एवं स्वच्छता व्यवस्था के मद्देनजर मुख्य मार्गो बरगवां, नदीपार, गल्ला मंडी पहुंच मार्ग के डिवाइडर की सफाई कराई जाकर धूल मिट्टी की सफाई कराई जाकर सुचारू सफाई व्यवस्था के साथ ही वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के प्रयास किये गए।
उपायुक्त श्री गुप्ता ने बस स्टैंड रैन बसेरा की व्यवस्थाओं का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने दिए निर्देश
कटनी। नगर निगम द्वारा संचालित बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा मे उपलब्ध कराई जा रहीं व्यवस्थाओं का उपायुक्त श्री गुप्ता ने रविवार रात्रि औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरा में ठहरने वाले जरूरतमंद एवं असहाय व्यक्तियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लेकर समस्त व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।उपायुक्त श्री गुप्ता ने रैन बसेरा में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बिस्तर, कंबल एवं शौचालयों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं संतोषजनक बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ठंड के मौसम को देखते हुए पर्याप्त कंबलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं रैन बसेरा परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया गया कि रैन बसेरा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानजनक एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य ठंड के मौसम में जरूरतमंदों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना है, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।








