katniमध्यप्रदेश

कटनी पुलिस का विशेष अभियान: आदतन अपराधियों की थाने में हाजिरी, डोजियर तैयार कर दी चेतावनी

कटनी पुलिस का विशेष अभियान: आदतन अपराधियों की थाने में हाजिरी, डोजियर तैयार कर दी चेतावन

कटनी। जिले में चोरी, झपटमारी और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कटनी पुलिस ने 30 जून को शहरी क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं जीआरपी के सहयोग से विशेष अभियान चलाया।

अभियान के दौरान चोरी, झपटमारी और लूट के मामलों में पूर्व से चिन्हित आदतन अपराधियों को संबंधित थानों में बुलाकर उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया। सभी को भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी गई। साथ ही उनका विस्तृत डोजियर तैयार कर डिजिटल रिकॉर्ड भी संधारित किया गया।

पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्रों में होने वाली चोरी और लूट की घटनाओं के साथ रेलवे स्टेशन एवं आउटर क्षेत्र में मोबाइल चोरी और झपटमारी की वारदातों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा आदतन अपराधियों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करना है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार संचालित किए जाएंगे। अपराध में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें कोतवाली, माधवनगर, कुठला, एनकेजे, रंगनाथनगर थाना पुलिस के साथ आरपीएफ, जीआरपी एवं पुलिस स्टाफ ने सहभागिता निभाई।

Back to top button