रोहित हत्याकांड में बढ़ी होटल कारोबारी प्रकाश आहूजा की मुश्किलें, कातिलों से संपर्कों की जांच करेगी एसआईटी, रोहित की माँ और बहन ने प्रकाश को बताया है वारदात का मास्टरमाइंड

कटनी। माधवनगर थाना अंतर्गत कैरिन लाइन निवासी रोहित चंचलानी की हत्या के मामले में गठित की गई एसआईटी अपनी जांच करेगी। मामले में बॉम्बे होटल के संचालक प्रकाश आहूजा के एक बार बयान दर्ज किए जा चुके हैं लेकिन जांच के दौरान मिल रहे नए तथ्यों को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें एसआईटी द्वारा फिर से पूछताछ के के लिए बुलाया जा सकता है। गौरतलब है कि मृतक की बहन और मां ने रोहित की हत्या में प्रकाश आहूजा के शामिल होने का आरोप लगाते उसे इस घटना का मास्टरमाइंड बताया है और एसपी से शिकायत की है। माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे पर निष्पक्ष जांच न करने का भी आरोप लगाया है। बताया गया है कि घटना के बाद क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज डिलीट करा दिए गए हैं। जिसके बाद एसपी ने एसआईटी गठित कर जांच की जिम्मेदारी सीएसपी नेहा पच्चीसिया को दी है व थाना प्रभारी चौबे को इस प्रकरण की जांच से अलग कर दिया है।

 

कॉल डिटेल से जुटाए जा रहे साक्ष्य

 

सूत्रों के मुताबिक इस घटना में प्रकाश आहूजा की संलिप्तता की जांच के लिए उसकी कॉल डिटेल भी निकाली गई है। रोहित की हत्या के दौरान आरोपियों की किस-किस से बात हुई, क्या प्रकाश आहूजा से भी उनका संपर्क था, इसकी भी जांच की जा रही है। हत्या को लेकर मृतक रोहित चंचलानी की मां प्रिया चंचलानी, बहन कशिश चंचलानी बार बार यह आरोप लगाती आ रही हैं कि रोहित की हत्या कारोबारी प्रकाश आहूजा के इशारे पर की गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी उसके करीबी हैं। मृतक रोहित पर यह दबाव बनाया जा रहा था कि वह भी उनके अधीन काम करे।

 

अब तक चार आरोपी गिरफ्तार

 

इस मामले में अभी तक आरोपी आकाश पोपटानी निवासी कैरिन लाइन, दीपक मोटवानी निवासी रॉबर्ट लाइन, महेश कुमार आडवानी निवासी रॉबर्ट लाइन व मोहित धमेचा को गिरफ्तार किया जा चुका है।

 

20 जून की रात हुई थी रोहित की हत्या

 

रोहित चंचलानी पिता संचिदानंद (28) मानसरोवर कॉलोनी की 20 जून की रात नृशंस हत्या कर दी गई थी। आरोपी दीपक मोटवानी, मोहित धामेचा, मुकेश आडवानी, आकाश पोपटानी सहित अन्य ने बुरी तरह मारपीट कर उसे मरणासन्न कर दिया था। जबलपुर में इलाज के दौरान 22 जून को रोहित की मौत हो गई थी।

 

इनका कहना है

 

रोहित चंचलानी की हत्या में प्रकाश आहूजा की संलिप्तता को लेकर सभी बिंदुओं पर एसआईटी द्वारा जांच की जाएगी। जांच के दौरान मिलने वाले तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। जब भी जरूरत होगी उसे पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

 

अभिनय विश्वकर्मा, एसपी

Exit mobile version