राशन कार्ड को आधार से लिंक न करने वाले परिवारों को झटका, मध्य प्रदेश में पौने दो लाख नाम कटेंगे

राशन कार्ड को आधार से लिंक न करने वाले परिवारों को झटका, मध्य प्रदेश में पौने दो लाख नाम कटेंगे

राशन कार्ड को आधार से लिंक न करने वाले परिवारों को झटका, मध्य प्रदेश में पौने दो लाख नाम कटेंगे। मध्‍य प्रदेश में चार लाख परिवार ऐसे जो केंद्र सरकार द्वारा प्रतिमाह फ्री दिए जाने वाला खाद्यान्न नहीं ले रहे हैं। इनमें से पौने दो लाख परिवारों ने छह माह से खाद्यान्न नहीं लिया है। यदि सितंबर में ये उचित मूल्य की दुकान से खाद्यान्न नहीं लेते हैं तो इनके नाम सूची से हटा दिए जाएंगे। इसके पहले अंतिम अवसर देते हुए दुकानों के बाहर नाम चस्पा कर दिए हैं।

सूचना देने का संदेश भेजा

खाद्य, नागरिक आपूर्ति विभाग ने मोबाइल पर भी संदेश भेज दिया है ताकि किसी कारण से वे खाद्यान्न नहीं ले पा रहे हैं तो उपस्थित होकर सूचना दे दें। ऐसे नहीं करने पर इनके स्थान पर दूसरे पात्र परिवारों के नाम से पात्रता पर्ची जारी कर दी जाएगी।

प्रमुख बातें

जानकारी के अनुसार मध्‍य प्रदेश में फ‍िलहाल एक करोड़ 26 लाख 73 हजार 417 राशन कार्ड हैं।
इनमें पांच करोड़ से अधिक व्यक्तियों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से मुफ्त खाद्यान्न प्रतिमाह देने का प्रविधान है।

इसके लिए 27 हजार 826 उचित मूल्य की राशन दुकानें संचालित हैं। आदिवासी क्षेत्रों में वाहन से खाद्यान्न पहुंचाया जाता है ताकि उपभोक्ता को परेशानी न हो।

इसके बाद भी चार लाख परिवार ऐसे हैं, जो खाद्यान्न नहीं ले रहे हैं। इनमें एक लाख 74 हजार परिवार के सदस्यों ने छह माह से खाद्यान्न नहीं लिया है।

केंद्र सरकार ने प्रविधान कर दिया है कि एक माह यदि व्यक्ति खाद्यान्न नहीं लेता है ताे उस माह का कोटा दूसरे माह में नहीं दिया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं का सत्यापन भी करवाया जा रहा है।

अब सरकार ने निर्धारित किया है कि छह माह से खाद्यान्न नहीं लेने वालों के नाम सूची से हटाए जाएं। इसके लिए उन्हें एक माह का समय दिया है।

उचित मूल्य की दुकानों के बाद ऐसे हितग्राहियों की सूची भी चस्पा कर दी गई है और मोबाइल पर संदेश भी भेज दिया है।
ह‍ितग्राहियों को सूचित किया गया है वे सितंबर में भी खाद्यान्न लेने नहीं आते हैं तो उनके नाम यह मानते हुए हटा दिए जाएंगे कि उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रतिमाह खाद्यान्न देने की जो सुविधा दी गई है, उसका लाभ नहीं चाहिए।

अध‍िकारियों के अनुसार ऐसे जो भी नाम कटेंगे, उनके स्थान पर दूसरे पात्र परिवार के नाम सूची में शामिल कर पात्रता पर्ची जारी कर दी जाएगी।

 

Exit mobile version