Monday, April 6, 2026
Latest:
Latestमध्यप्रदेश

Shivraj Cabinet Expansion कुछ देर बाद शिवराज कैबिनेट में शामिल होंगे 3 विधायक

Shivraj Cabinet Expansion: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जबलपुर से विलंब से लौटने के कारण शुक्रवार को कैबिनेट विस्तार नहीं हो पाया। अब पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन, राजेंद्र शुक्ल और राहुल सिंह लोधी को शनिवार सुबह पौने नौ बजे मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इनमें लोधी को राज्यमंत्री बनाया जाएगा। बाकी दोनों को कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई जाएगी। विंध्य, महाकोशल और बुदेलखंड अंचल से एक-एक मंत्री बनाकर भाजपा ने जातिगत और भौगोलिक समीकरण साधने का प्रयास किया है।

वर्तमान में शिवराज कैबिनेट में 31 सदस्य हैं। नियमानुसार अभी चार मंत्री बनाए जा सकते हैं। चौथे स्थान को लेकर पार्टी नेताओं का सोच किसी आदिवासी या अनुसूचित जाति के विधायक को शपथ दिलाने का था, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी। शपथ कार्यक्रम टलने के कारण केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भोपाल एक्सप्रेस से ग्वालियर जाने का अपना कार्यक्रम ऐन वक्त पर टाल दिया।

अब वे सुबह विशेष विमान से ग्वालियर जाएंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को छिंदवाड़ा के जामसावली गए थे और रात्रि विश्राम बैतूल के सारणी में किया। शुक्रवार को उन्हें जबलपुर से लौटते हुए नौ बज गए। इसके कारण शपथ ग्रहण कार्यक्रम का समय शनिवार सुबह पौने नौ बजे के लिए आगे बढ़ा दिया गया। मंत्रिमंडल में विंध्य क्षेत्र से राजेंद्र शुक्ल, महाकोशल के बालाघाट से गौरीशंकर बिसेन और बुदेलखंड से राहुल सिंह लोधी को राज्यपाल मंगुभाई पटेल एक सादे समारोह में शपथ दिलाएंगे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम