सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारम्भ, युवराज स्वामी भी शामिल हुए
सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारम्भ, युवराज स्वामी भी शामिल हु
कटनी -युवराज स्वामी शिष्य मंडल सेवा समिति की ओर से नगर की डन कालोनी स्थित प्रथम गार्डन में सात दिवसीय संगीतमय भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। बदरी प्रपन्नाचार्य महाराज, आचार्य आश्रम चित्रकूटधाम के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को कलश यात्रा के साथ किया गया। जयकारों, भजनों के बीच नगर में कलश यात्रा निकाली गई। इससे पहले बदरी प्रपन्नाचार्य महाराज की चाका बायपास में शिष्य मंडल ने अगवानी की और वाहनों के काफिले के साथ कथा व्यास दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे। जहां पर पूजा अर्चना के बाद उनको रथ पर सवार किया गया और मंदिर से 511 कलशों के साथ शोभायात्रा शुरू की गई। जिसमें नगर की विभिन्न भजन मंडली, शिष्य मंडल की जीवंत झांकियां शामिल रहीं। कलशयात्रा ने मुख्य मार्ग, सुभाष चौक, कोतवाली तिराहा, मिशन चौक सहित बरगवां मुख्य मार्ग का भ्रमण किया और कार्यक्रम स्थल डन कालोनी में उसका समापन किया गया। जहां पर विधिविधान से पूजन कर कार्यक्रम की शुरूआत की गई। पदाधिकारियों ने बताया कि गुरूवार को परीक्षित जन्म, ध्रुव चरित्र, 13 मार्च के प्रहलाद चरित्र के साथ 14 मार्च को वामन अवतार, श्रीराम अवतार के बाद श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाएगा। 15 मार्च को बाललीला व गाेवर्धन पूजन, 16 मार्च को श्रीकृष्ण रूक्मणि विवाह प्रसंग होगा और बरात निकाली जाएगी। वहीं 17 मार्च को सुदामा चरित्र के साथ कथा को विश्राम दिया जाएगा। 18 मार्च को हवन पूर्णाहुति के साथ भंडारे का आयोजन कर महोत्सव का समापन किया जाएगा।








