विजयराघवगढ़ में सनसनीखेज लूट: बुजुर्ग के हाथ से 1.50 लाख रुपये छीनकर बदमाश फरार

विजयराघवगढ़ में दिनदहाड़े सनसनीखेज लूट: बुजुर्ग के हाथ से 1.50 लाख रुपये छीनकर बदमाश फरा
कटनी। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मंगलवार दोपहर को नगर के व्यस्ततम इलाके में एक बुजुर्ग के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने 71 वर्षीय बुजुर्ग के पास रखे 1 लाख 50 हजार रुपये छीन लिए और पलक झपकते ही रफूचक्कर हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी रामअवतार शुक्ला (पिता हनुमान प्रसाद शुक्ला, उम्र 71 वर्ष), जो सलैया मैरहाई के निवासी हैं, मंगलवार दोपहर लगभग 12:45 बजे विजयराघवगढ़-कटनी रोड पर स्थित प्यासी हार्डवेयर की दुकान के पास से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके पास एक थैले में डेढ़ लाख रुपये की नकदी थी।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति अचानक उनके पास पहुँचा और उनके हाथ से नकदी वाला थैला छीन लिया। इससे पहले कि बुजुर्ग शोर मचा पाते या कोई उन्हें रोक पाता, आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही विजयराघवगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।








