तिरुपति बालाजी के चरणों में 150 करोड़ का गुप्त दान: चेन्नई के NRI बिजनेसमैन ने बनवाए 121 किलो सोने के 46 आभूषण; CM चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में होंगे समर्पित

tirupati temple

तिरुपति बालाजी के चरणों में 150 करोड़ का गुप्त दान: चेन्नई के NRI बिजनेसमैन ने बनवाए 121 किलो सोने के 46 आभूषण; CM चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में होंगे समर्पित

तिरुमला (आंध्र प्रदेश)। आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दरबार में एक अज्ञात भक्त की अपार श्रद्धा चर्चा का विषय बनी हुई है। चेन्नई के एक प्रवासी भारतीय (NRI) कारोबारी ने भगवान बालाजी को 121 किलोग्राम सोने से बने आभूषण दान करने का संकल्प लिया है, जिनकी अनुमानित कीमत 140 से 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के इतिहास में किसी एक श्रद्धालु द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में स्वर्ण आभूषण भेंट किए जाने का यह पहला मामला है।

तिरुपति बालाजी मंदिर में हैदराबाद के भक्त का महादान, ‘श्री वेंकटेश्वर अन्नप्रसादम ट्रस्ट’ को दिए 10 करोड़ रुपये

आगम शास्त्र के नियमों से 15 महीने में तैयार हुए 9 सेट

इस ऐतिहासिक भेंट के तहत 121 किलो सोने से कुल 46 प्रकार के आभूषण तैयार कराए गए हैं, जिन्हें 9 अलग-अलग सेट में बांटा गया है। इन आभूषणों को बनाने में करीब 15 महीने का समय लगा और इसमें टीटीडी अधिकारियों के सुझावों के साथ-साथ आगम शास्त्र के नियमों का विशेष ध्यान रखा गया है। प्रमुख आभूषणों में शामिल हैं:

  • भगवान का भव्य मुकुट और भुजकीर्तियां

  • शंख और चक्र

  • वड्डाणम (कमरबंद) और अभय हस्त

कारोबार में तरक्की का श्रेय भगवान को दिया, पहचान रखी गुप्त

चेन्नई स्थित इस एनआरआई व्यवसायी का मानना है कि भगवान वेंकटेश्वर के आशीर्वाद से ही उनके व्यापार में बड़ी तरक्की हुई है। इसी के प्रति आभार जताते हुए उन्होंने अपनी कंपनी के मुनाफे का एक हिस्सा भगवान के श्रृंगार के लिए समर्पित करने का निर्णय लिया। खास बात यह है कि दानदाता ने इस भेंट का किसी भी तरह का प्रचार न करने और अपनी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का अनुरोध किया है। उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से भी अपना नाम सार्वजनिक न करने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें-  Ayodhya To Janakpur Train Start: अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच शुरू हुई 'सरयू-कमला एक्सप्रेस', पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

26 नवंबर को सौंपे जाएंगे आभूषण, 650 किलो के खजाने में होंगे शामिल

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर को तिरुमला के दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान उनकी उपस्थिति में अज्ञात भक्त की ओर से ये आभूषण टीटीडी अधिकारियों को सौंपे जाने की संभावना है। वर्तमान में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के नियमित श्रृंगार में करीब 650 किलोग्राम सोने के आभूषणों का उपयोग होता है। इस नए दान के बाद मंदिर की स्वर्ण संपदा में 121 किलो के ये नए आभूषण भी जुड़ जाएंगे।