थाना बड़वारा का भ्रमण कर स्कूली बच्चों ने जानी पुलिस कार्यप्रणाल
कटनी। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत बाल मित्र योजना के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं को थाना भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानून की मूलभूत जानकारी तथा अपराधों की रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण बातें बताई गईं।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डहेरिया और डीएसपी मुख्यालय उमराव सिंह के मार्गदर्शन में शारदा मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बड़वारा के छात्र-छात्राओं ने थाना बड़वारा का भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को थाना परिसर में उपलब्ध उपकरणों, पुलिस की जिम्मेदारियों तथा गुड टच-बैड टच के बारे में जानकारी दी गई।
छात्र-छात्राओं में देशभक्ति, जन सेवा, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से यह भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को साइबर अपराध, नशा, बाल विवाह, पास्को एक्ट तथा अन्य अपराधों के बारे में जागरूक किया। साथ ही 100 डायल और 112 इमरजेंसी सेवा की भी जानकारी दी गई।
करीब 80 से 100 छात्र-छात्राएं इस भ्रमण में शामिल रहे। शारदा मॉडल स्कूल के शिक्षक बीएल दिवेदी, थाना प्रभारी बड़वारा अंकुश पटेल समेत पुलिस अमले के अधिकारी एवं स्टाफ मौजूद रहे।

