School Chale Hum: स्कूल चले हम के अन्तर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 18, 19 एवं 20 जून को आयोजित किया जायेगा
School Chale Hum: स्कूल चले हम के अन्तर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 18, 19 एवं 20 जून को आयोजित किया जायेगा, राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम 18, 19 एवं 20 जून को आयोजित किया जायेगा। स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत 18 जून को क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सांसद, विधायक किसी एक शाला में सहभागिता करेंगे। शाला स्तर पर आयोजित स्कूल चलें हम अभियान कार्यक्रम में शाला के पूर्व विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जायेगा। ग्राम एवं बसाहट के शाला से बाहर रहे चिन्हित बच्चों का शाला में नामांकन एवं उनके अभिभावकों का शाला स्तर पर स्वागत किया जाएगा। समस्त पात्र शालाओं में विशेष भोजन का वितरण किया जाएगा। 19 जून को सभी शालाओं में अभिभावकों के साथ शालेय गतिविधियों पर चर्चा, जिसमें प्रमुखतः कक्षावार विषयखंड, शैक्षणिक कैलेण्डर, अध्ययन अध्यापन प्रक्रिया, अभिभावक शिक्षक बैठकों, सह शैक्षणिक गतिविधियों, शाला में उपलब्ध सुविधाओं आदि की जानकारी प्रदान की जायेगी। राज्य शासन की ओर से अभिभावकों को संबोधित पत्र का वितरण किया जाएगा। कक्षावार उपयोगी स्टेशनरी सामग्री की अभिभावकों को जानकारी प्रदान की जाएगी एवं निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाएगा।
इसी तरह 20 जून को जनप्रतिनिधियों, समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रसिद्ध प्रभावशाली, प्रबुद्ध एवं सम्मानित व्यक्तियों को एक प्रेरक की भूमिका में विद्यार्थियों से भेंट के लिए आमंत्रित किया जायेगा। शालाओं में विद्यार्थियों से भेंट के लिए अन्य इच्छुक व्यक्तियों के लिए शाला चयन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इच्छुक व्यक्ति किसी एक शाला का चयन कर स्थानीय स्तर पर विशिष्टउपलब्धियां हासिल करने वाली खिलाड़ी, साहित्यकार, कलाकार, संस्कृतिधर्मी, समाजसेवी, उद्योगपति, उन्नत एवं सफल किसानों, व्यवसायी, मीडिया और संचार मित्रों, सैन्य और पुलिस अधिकारी, वरिष्ठ शासकीय अधिकारियों आदि के मध्य उक्त कार्यक्रम का व्यापक प्रचार- प्रसार किया जायेगा। आमंत्रित व्यक्ति इस दौरान विद्यार्थियों, शाला उपयोगी वस्तुएं भेंट कर सकेंगे और जिला कलेक्टर के द्वारा जिले के प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के अधिकारियों को किसी एक शाला में जाकर एक पीरियड अध्यापन कराने के लिए शालाओं का आवंटन किया जायेगा।

