RTE School Admission : निजी स्कूलों में गरीब बच्चों के निश्शुल्क प्रवेश के लिए 29 अक्टूबर से शुरू होगा काउंसिलिंग का दूसरा चरण
RTE Admission in MP: भोपाल। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत प्रदेश के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए रिक्त सीटों पर आनलाइन निश्शुल्क प्रवेश के लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग प्रक्रिया 29 अक्टूबर से शुरू होगी। इस संदर्भ में राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक धनराजू एस ने बताया कि आरटीई के तहत पहले चरण की लाटरी के बाद शेष रिक्त सीटों पर दूसरे चरण की काउंसलिंग के माध्यम से स्कूल आवंटन किया जाना है। इसके लिए समय सारिणी जारी की गई है। रैंडम पद्धति से आनलाइन लाटरी द्वारा 10 नवंबर को स्कूल का आवंटन किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि पंजीकृत आवेदक 29 अक्टूबर से सात नवंबर तक दूसरे चरण की लाटरी के लिए स्कूल की च्वाइस अपडेट कर सकेंगे। स्कूल के आवंटन के बाद 10 नवंबर से 15 नवंबर तक आवंटन पत्र डाउनलोड कर आवंटित स्कूल में प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश लेते समय ही संबंधित निजी स्कूल द्वारा मोबाइल एप के माध्यम से नामांकन रिपोर्टिंग दर्ज की जाएगी।
यहां पर यह बात भी गौरलतब है कि दूसरे चरण की काउंसलिंग में नया आवेदन करने का विकल्प नहीं होगा। जिन आवेदकों ने सत्र 2020-21 के लिए पहले आनलाइन आवेदन किया है और सत्यापन में पात्र पाए गए हैं एवं इस सत्र में प्रवेश नहीं लिया है, केवल वही आवेदक स्कूल की पसंद को परिवर्तित करते हुए आवेदन लाक कर सकेंगे। इसके अलावा कोविड-19 के कारण या किसी अन्य परिस्थितियों के कारण यदि कोई स्कूल बंद हो गया है और उसमें प्रथम चरण में किसी का आवंटन हुआ है तो वह आवेदक भी अन्य स्कूल में दूसरे चरण के लिए चुनकर आवेदन लाक कर सकेंगे। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टर को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

