‘RSS को कांग्रेस के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं’- बीजेपी अध्यक्ष

ग्वालियर। ग्वालियर में कांग्रेस सेवादल के प्रेस नोट में आरएसएस की तारीफ किए जाने के मामले में मध्य प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि बीजेपी या आरएसएस को कांग्रेस के किसी प्रमाण पत्र की जरुरत नहीं है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया पहले भी आरएसएस की तारीफ कर चुके हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है.
दरअसल, ग्वालियर में कांग्रेस सेवादल के एक प्रेस नोट में संघ की जमकर तारीफ की गई है. इसके बाद कांग्रेस ने इसे बीजेपी की साजिश करार दिया. सेवादल के प्रेसनोट में बताया गया कि संघ फौजी अनुशासन वाला संगठन है. इतना ही नहीं सेवादल ने संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार को देशभक्त भी बताया है.
सेवादल के प्रेसनोट में डॉ. हेडगेवार के 1921 के असहयोग आंदोलन में भाग लेने और जेल जाने का जिक्र भी किया गया है. साथ ही 1928 में साइमन कमीशन के भारत आगमन पर आरएसएस के आंदोलन करने का भी जिक्र किया गया है. सेवादल के मुताबिक, आरएसएस ने आज़ादी की लड़ाई में भाग लिया था. वहीं जब यह मामला सुर्खियों में आया तो सेवादाल ने इसे प्रिंटिंग मिस्टेक बता दिया.
इससे पहले मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी और वरिष्ठ नेता दीपक बाबरिया ने भी संघ की तारीफ की थी. दीपक बाबरिया ने कहा था कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आरएसएस से अनुशासन सीखना चाहिए. उन्होंने कहा था कि आरएसएस के अच्छे पहलुओं की तारीफ करने में कोई संकोच नहीं है.








