महिला की आंख मे स्प्रे डालकर हुयी लूट मामला संदिग्ध

कटनी। कोतवाली थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी में बुधवार को एक महिला के आंखों में स्प्रे डालकर सोने की चैन और कंगन छीनने की वारदात से सनसनी फैल गई है। लूट की वारदात की सूचना महिला ने देर शाम पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस टीम सब्जी मंडी पहुंची। पुलिस टीम सब्जी मंडी स्थित दुकानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एक मोबाइल दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला दिखाई भी दे रही है, लेकिन लूट होते नहीं दिख रही है। कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शुरुआत में जो परिस्थितियों नजर आ रही हैं उसके अनुसार मामला संदिग्ध लग रहा है। मामले की जांच के बाद वास्तविक जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
एनकेजे क्षेत्र निवासी सुदर्शन पति सतीश वर्मा (50) ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वह दोपहर में सब्जी मंडी आई थी। सब्जी मंडी काफी भीड़ थी, इसी दौरान दो युवकों ने उससे कहीं का पता पूछा, जिस पर उसने जानकारी नहीं होने की बात कही। इसी बीच युवकों ने उसके आंख स्प्रे डाल दिया और उसकी सोने की चैन और हाथ के कंगन लेकर युवक भाग गए। लूट होने की शिकायत के बाद कोतवाली थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा पुलिस टीम सहित सब्जी मंडी पहुंचे। जहां पर लोगों से लूट के संबंध में पूछताछ की गई। पुलिस टीम ने सब्जी मंडी स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है। वारदात स्थल के पास स्थित एक मोबाइल की दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लूट का शिकार हुई महिला नजर आ रही है। लेकिन लूट होने के दौरान के फुटेज नहीं दिख रहे हैं, जिसके कारण पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। हालांकि पुलिस टीम अन्य दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
महिला के गले से चैन छीनने की वारदात को पुलिस सही मान रही है, लेकिन महिला के हाथ से कंगन निकाले जाने को लेकर संदेह जाहिर किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इतनी भीड़ भाड़ वाले क्षेत्र में कोई बदमाश किसी महिला के हाथ से कंगन कैसे उताकर भाग सकता है, महिला ने शोर क्यों नहीं मचाया। हालांकि महिला का कहना है कि आंख स्प्रे चले जाने के कारण वह परेशान हो गई थी। इसी बीच बदमाशों ने उसकी चैन और हाथ के कंगन निकाल लिए हैं। वहीं वारदात के डेढ़ घंटे बाद शिकायत करने पहुंचने पर भी पुलिस को लूट की कहानी संदिग्ध लग रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद स्पष्ट हो पाएगा कि लूट की वारदात हुई या नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।








