एनएसएस स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया समाजसेवा का संकल्प पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस तिलक महाविद्यालय में हुआ आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

एनएसएस स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया समाजसेवा का संकल्प
पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस तिलक महाविद्यालय में हुआ आयोजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कटनी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह तथा कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. माधुरी गर्ग एवं श्री सागर पटेल के निर्देशन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने एनएसएस के उद्देश्य एवं आदर्श वाक्य ‘मैं नहीं, तुम’ की व्याख्या करते हुए निस्वार्थ सेवा और ‘सेवा के माध्यम से शिक्षा’ के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना की शुरुआत 24 सितंबर 1969 को हुई थी। इसका उद्देश्य समाजसेवा के साथ स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व एवं चरित्र का विकास करना है।
डॉ. माधुरी गर्ग ने एनएसएस बैज के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि इसके तीन रंग स्वयंसेवकों को निरंतर सेवा कार्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि सामुदायिक सेवा के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
श्री सागर पटेल ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना और देशप्रेम जागृत करने का कार्य करता है। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कनिष्ठ विद्यार्थियों को एनएसएस से जुड़कर समाजसेवा के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। ‘उठे समाज के लिए, उठेगा…’ लक्ष्य गीत ने उपस्थित विद्यार्थियों में सेवा एवं देशभक्ति की भावना जागृत की। कुमारी पूनम ने लोकनृत्य प्रस्तुत किया। कुमारी भारती, लक्ष्मी, लक्ष्मी तिवारी, श्रद्धा सिंह, पार्वती, राम सपेरा, सोनम, राजेंद्र चौधरी सहित अन्य एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में वरिष्ठ स्वयंसेविका कुमारी भारती बर्मन ने आभार व्यक्त किया।








