विदिशा में तलवार की नोंक पर डकैती, पिता-पुत्र को बनाया बंधक; 48 तोला सोना और ₹10 लाख लूटे, एक बदमाश गिरफ्तार

विदिशा में तलवार की नोंक पर डकैती, पिता-पुत्र को बनाया बंधक; 48 तोला सोना और ₹10 लाख लूटे, एक बदमाश गिरफ्तार
विदिशा जिले के त्योंदा थाना क्षेत्र के ग्राम रायखेड़ी में शुक्रवार देर रात सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। चार हथियारबंद बदमाशों ने तलवार की नोंक पर एक किसान परिवार को बंधक बनाकर घर में रखे 48 तोला सोने के जेवर और करीब दस लाख रुपये नकद लूट लिए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार वारदात रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। बदमाश गांव के पटेल बृज बिहारी कुर्मी के घर की छत के रास्ते दाखिल हुए। आहट होने पर जब बृज बिहारी की नींद खुली तो बदमाशों ने उन्हें काबू में कर लिया। इसके बाद उनके पुत्र सत्यम कुर्मी को भी बंधक बना लिया गया।
तलवारों से आतंकित कर बदमाशों ने घर में रखी पेटी से जेवर और नकदी निकलवाई और दो थैलों में भरकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के बड़े बेटे धर्मेंद्र कुर्मी ने बताया कि घटना के समय वे राहतगढ़ गए हुए थे। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने चेहरे पर काले गमछे बांध रखे थे और उनकी उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच रही होगी। घर में रखी नकदी कुछ दिन पहले ही सोयाबीन की फसल बेचने के बाद आई थी, जिसे बैंक में जमा कराया जाना था।
एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि वारदात के बाद भाग रहे आरोपियों में से एक को राहतगढ़ पुलिस ने पकड़ लिया है। उसके पास से एक थैला भी बरामद किया गया है, जिसमें कुछ जेवर और नकद राशि मिली है। शेष तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं और उन पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।








