Monday, April 6, 2026
Latest:
FEATUREDjabalpurLatestमध्यप्रदेश

Road Accident: मंडला में सरिया से लदे ट्राला की टक्‍कर में आटो सवार चार की मौत

मंडला। कोतवाली मंडला थाना के अंतर्गत नेशनल हाई-वे 30 में बुधवार शाम 6 बजे के लगभग बायपास तिराहा मार्ग में सरिया से लदे ट्राला ने सवारी आटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से आटो दूर जा छिटका।

सवारी आटो में सवार एक बालक और तीन महिलाओं सहित चार लोगों ने दम तोड़ दिया। वहीं पांच महिलाएं व आटो चालक घायल हैं। जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया है। यहां से चार महिलाओं को जबलपुर रैफर कर दिया गया है।

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटना स्थल पर चक्‍काजाम कर दिया। वे यहां पर ओवरब्रिज बनाने और बैरिकेड लगाने की मांग रहे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार चक्रवर्ती, थाना प्रभारी नीलेश दोहरे द्वारा समझाइश दी गई। करीब डेढ़ घंटे के जाम के बाद आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया।

दशगात्र कार्यक्रम से लौट रहे थे : बताया गया है कि कोतवाली थाना के अंतर्गत सेमरखापा गांव व बिनैका गांव से अंजनिया चौकी क्षेत्र के झिगराघाट गांव दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने सवारी आटो से ग्रामीण महिलाएं गईं थीं।

जो कार्यक्रम से वापस हो रहीं थीं। बिनैका बायपास तिराहा से जैसे ही आटो मुड़ा पीछे से तेज रफ्तार आ रहे सरिया से लदे ट्राला ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे आटो काफी दूर जा छिटका।

बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ आटो और उसमें सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना शाम 6 बजे के लगभग की बताई गई है। घटना के बाद चीख पुकार मच गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक 8 वर्षीय बच्चा और तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया गया।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम