katniLatestमध्यप्रदेश

रीठी जनपद ने जीती जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता, रनर रही विजयराघवगढ़ जनपद खिलाड़ियों को 21000, 11000, 5100 रुपए, शील्ड, मैडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया पुरुस्कृत

कटनी (YASHBHARAT.COM)। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा नवाचार अंतर्गत परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने आयोजित जिला स्तरीय एक दिवसीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में जनपद पंचायत रीठी की बालिकाओं ने कबड्ड़ी खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ को एक तरफा शिकस्त देते हुए विनर का खिताब जीता जबकि रनर जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ की टीम रही। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तत्वावधान में जिला पंचायत कटनी द्वारा माधव नगर खेल परिसर के इनडोर हाल में परंपरागत खेल महिला कबड्डी के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा, जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर,अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी, सीएसपी नेहा पचीसिया, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास वनश्री कुर्वेती , प्रभारी प्रशासक वन स्टॉप सेंटर शैली तिवारी एवं अन्य अधिकारियों की मौजदूगी रही।

जिला पंचायत सीईओ ने खिलाड़ियों से लिया परिचय और बढ़ाया हौसला

इसके पहले जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलन और पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने सभी जनपद पंचायतों से शिरकत करने आई टीमों से गर्म जोशी से हाथ मिलाकर परिचय लिया एवं उत्साहित करने के साथ उनकी हौसला अफजाई करते हुए कॉन्फिडेंस बढ़ाने विजेता बनने की शुभकामनाएं दी।

6 टीमों ने की भागीदारी और इनके बीच हुआ मुकाबला

जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के पंजीयन में समस्त जनपद पंचायतों से आई हुई बालिकाओं ने भागीदारी की। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बहोरीबंद और बड़वारा की भिड़ंत हुई जिसमें बहोरीबंद की टीम ने जीत हासिल की। इसी प्रकार ढीमरखेड़ा और विजय राघवगढ़ के बीच हुए मुकाबले में विजय राघवगढ़ ने विजय पताका फहराई। रीठी और कटनी के बीच हुए मैच में रीठी ने कटनी को पराजित किया। इस प्रकार बहोरीबंद, विजयराघवगढ़ और रीठी की टीम विजेता रहीं। सेमीफाइनल मुकाबले में बहोरीबंद और विजयराघवगढ़ के बीच खेले गए कबड्डी मैच में विजयराघवगढ़ ने जीत का डंका बजाते हुए नॉक आउट राउंड में प्रवेश किया। रीठी को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उच्च अंकों के आधार पर फाइनल में एंट्री मिली।

रोमांचक रहा फाइनल मुकाबला

जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के फाइनल में रीठी और विजयराघवगढ़ के बीच खेले गए एक तरफा मुकाबले में रीठी ने जीत हासिल करते हुए 21000 रुपए की पुरस्कार राशि जीती। जबकि ₹11000 की पुरस्कार राशि उपविजेता विजय राघवगढ़ को प्राप्त हुई। अच्छे खेल के आधार पर 5100 की पुरस्कार राशि से जनपद पंचायत बहोरीबंद की टीम को पुरस्कृत किया गया। जबकि₹1100-1100 के तीन सांत्वना पुरस्कार कटनी, बड़वारा और ढीमरखेड़ा की टीम को दिए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मेहरा ने बालिका खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए ₹1000 का नगद पुरस्कार व्यक्तिगत रूप से दिया।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मेहरा ने उपस्थित अतिथियों की मौजूदगी में विजेता टीम को चेक द्वारा राशि, प्रशस्ति पत्र,शील्ड,मेडल प्रदान कर पुरस्कृत और सम्मानित किया तथा बालिकाओं को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

इनकी रही मौजूदगी

आयोजित कार्यक्रम में कोच, मैच रेफरी, ग्राम स्वराज अभियान के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पंकज नामदेव, स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक कमलेश सैनी, मीडिया प्रभारी योगेंद्र कुमार असाटी, कमल सिंह, निधि चतुर्वेदी ,जग्गी पटेल, चंदन चक्रवर्ती, श्रद्धा पांडेय, उमा चढ़ार, चेतना झा , वीरेंद्र पांडे, देवी सिंह मरावी, गुलफाम खान, दिनेश कनौजिया, सलमान अहमद एवं अन्य अधिकारियों कर्मचारियों की मौजूदगी रही।

Back to top button