हितग्राही एवं सामुदायिक योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने जनपद पंचायत बड़वारा में हुई समीक्षा बैठक

कटनी (YASH BHARAT.COM)। हितग्राही एवं सामुदायिक योजनाओं के क्रियान्वयन में तत्परता पूर्वक कार्रवाई कर प्रगति लाया जाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश जनपद पंचायत बड़वारा की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री प्रभा तेकाम ने समीक्षा बैठक लेते हुए जनपद स्तरीय योजना प्रभारी अधिकारियों एवं तकनीकी अधिकारियों को दिए। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर द्वारा विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा सतत रूप से की जाती है। सुश्री तेकाम ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, एएओ, सहायक यंत्री और ग्राम रोजगार सहायकों को श्रमिक नियोजन में वृद्धि करने, लेबर बजट, एक बगिया मां के नाम के अंतर्गत रोपित किए गए पौधे, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शेष मानव दिवसों के भुगतान, वर्ष में जारी किए गए शून्य मस्टर रोल, न्यूनतम मानव दिवस और ई केवाईसी में न्यूनतम प्रगति वाली 15 ग्राम पंचायतों की जानकारी ली जाकर विस्तार से समीक्षा की। इसी दौरान उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों के संतुष्टि पूर्ण निराकरण हेतु समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि न्यूनतम प्रगति वाली ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया जाता है कि एक सप्ताह के अंदर योजनाओ में प्रगति लाएं अन्यथा की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। समीक्षा बैठक में सहायक यंत्री, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम रोजगार सहायक एवं अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।








