मैहर और चित्रकूट के धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान, सतना एयरपोर्ट से विंध्य को मिलेगी नई पहचान

सतना, मध्यप्रदेश — धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से समृद्ध चित्रकूट और मैहर अब देश-दुनिया के पर्यटकों के लिए और अधिक सुलभ होने जा रहे हैं। 37 करोड़ की लागत से निर्मित सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण 31 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल से वर्चुअली करेंगे। इस महत्वपूर्ण आयोजन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल रहेंगे।
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
सतना एयरपोर्ट के शुरू होने से शारदा देवी मंदिर (मैहर), भगवान श्रीराम की तपोस्थली चित्रकूट और महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय,मुकुंदपुर जू,सरसी,वेंकटेश मंदिर, राममंदिर,भमका मंदिर,सहित सतना ,मैहर के अन्य पर्यटन स्थलों में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा में बड़ी सहूलियत मिलेगी। ये परियोजना विशेष रूप से विंध्य क्षेत्र के धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने वाली है।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त एयरपोर्ट
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा निर्मित यह एयरपोर्ट 1200 मीटर लंबे रनवे, 750 वर्गमीटर में फैली टर्मिनल बिल्डिंग और एक समय में दो विमानों की पार्किंग की सुविधा के साथ तैयार किया गया है। यहाँ से 19-सीटर विमान संचालित किए जा सकेंगे। एयरपोर्ट में ATC टावर, फायर स्टेशन, VIP लाउंज, दिव्यांगजन और बच्चों के लिए विशेष सुविधाएं, एम्बुलेंस और संपूर्ण सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
पर्यटन के साथ-साथ विकास को मिलेगा बल
यह एयरपोर्ट केवल पर्यटन को ही नहीं, बल्कि विंध्य क्षेत्र के उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई दिशा देगा। बेहतर क्षेत्रीय संपर्क से स्थानीय रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी बढ़ेंगे।
लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियाँ पूरी
एयरपोर्ट परिसर में स्थानीय कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा और प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल लोकार्पण 11 बजे से बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले गणमान्य नागरिकों और आम जनों से सुबह 9 बजे तक उपस्थित होने का आग्रह किया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियाँ
लोकार्पण की तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने एयरपोर्ट पहुंचकर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में महापौर, अपर कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर अशोक गुप्ता सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सतना एयरपोर्ट की शुरुआत से मैहर और चित्रकूट जैसे आध्यात्मिक स्थलों का विकास तेज़ी से होगा और यह विंध्य क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाएगा। यह परियोजना क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।








