रेलवे में ग्रुप-डी के 22,195 पदों पर भर्ती शुरू, 10वीं-आईटीआई पास कर सकते हैं आवेदन

नई दिल्ली(YASHBHARAT.COM)। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने ग्रुप-डी (लेवल-1) के 22,195 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 1 फरवरी 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 2 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के अंतर्गत विभिन्न जोन में ट्रैक मेंटेनर, हेल्पर, प्वाइंट्समैन सहित अन्य लेवल-1 पदों को भरा जाएगा।
भर्ती के लिए निर्धारित योग्यता
उम्मीदवार का 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही आईटीआई, समकक्ष योग्यता या एनसीवीटी से राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाण पत्र (NAC) रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र हैं। आयु सीमा 1 जनवरी 2026 की स्थिति में 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु में छूट मिलेगी।
इतना लगेगा आवेदन शुल्क
सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी-एनसीएल वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जिसमें से 400 रुपये सीबीटी परीक्षा में शामिल होने पर वापस कर दिए जाएंगे। वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग, महिला, पूर्व सैनिक, ट्रांसजेंडर, अल्पसंख्यक और ईबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 250 रुपये है, जो परीक्षा में शामिल होने पर पूरी तरह वापस होगा।
चयन प्रक्रिया पर एक नज़र
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), इसके बाद शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी), दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण के आधार पर किया जाएगा।
इतना रहेगा वेतनमान
चयनित अभ्यर्थियों को 7वें वेतन आयोग के तहत लेवल-1 में रखा जाएगा। प्रारंभिक वेतन 18,000 रुपये प्रतिमाह होगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता, आवास किराया भत्ता सहित अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी।








