Sunday, May 10, 2026
Latest:
jabalpurLatest

rdvv jabalpur यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों को भी मिलेगा “त्यौहारी 10 हजार” एडवांस

RDVVrdvv jabalpur रानी दुर्गावती यूनिवर्सिटी में दिवाली पर कर्मचारियों को 10 हजार रुपये अग्रिम दिया जाएगा। कोरोनाकाल में प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मियों को ये सौगात दी है जिसे यूनिवर्सिटी ने भी लागू किया है। 40 हजार रुपये वेतन वाले कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों से विलंब शुल्क 2 हजार रुपये भी कोरोना काल में नहीं वसूले जाएंगे। प्रशासन ने इसमें भी राहत देते हुए विलंब शुल्क 100 रुपये और 750 रुपये रखने का फैसला किया है। गुरुवार को कार्यपरिषद की बैठक में इस पर अनुशंसा की गई।

कुलपति प्रो.कपिल देव मिश्रा की अध्यक्षता में कार्यपरिषद की बैठक हुई। इसमें विद्यार्थियों को विलंब शुल्क में राहत देने पर सहमति बनी। सदस्यों ने कहा कि कोरोना संकट में भारी-भरकम जुर्माना देना संभव नहीं होगा। इसलिए फिलहाल विद्यार्थियों से परीक्षा आवेदन भरने में देरी करने पर 2 हजार विलंब शुल्क नहीं लिया जाए। दरअसल परीक्षा तिथि से तीन दिन पूर्व परीक्षा आवेदन भरने पर 2 हजार विलंब शुल्क विद्यार्थियों से लिया जाता था। इसके अलावा सदस्यों ने रिक्त अधिकारियों के पदों को भरने का प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय लिया। नगर निगम के सहयोग से यूनिवर्सिटी परिसर में सुलभ शौचालय और ओपन जिम बनाने पर भी सहमति बनी। ये कार्य नगर निगम यूनिवर्सिटी की जमीन पर करेगा। इस पर आने वाला वित्तीय भार भी नगर निगम द्वारा वहन किया जाएगा। वहीं अतिथि विद्वानों को कोरोना संकट के बीच सितंबर का वेतन भुगतान करने को भी सदस्यों ने मंजूर कर लिया है। इसके लिए विभागाध्यक्षों की सहमति पर भुगतान किया जाएगा। कुलसचिव दीपेश मिश्रा ने बताया कि राज्य शासन द्वारा कर्मचारियों को सातवां वेतनमान देने के साथ ही यूनिवर्सिटी में भी इसका लाभ दिया जाएगा। बैठक में कार्यपरिषद सदस्य प्रो.राकेश बाजपेयी, प्रो.धीरेंद्र पाठक, निखिल देशकर, सीमा पटेल, पंकज तेकाम, कांति रावत, मनोज आर्य आदि मौजूद रहे।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम