पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर राहुल गांधी के काफिले का हादसा: 5 गाड़ियां टकराईं; सुरक्षित कोर्ट पहुंचे, मानहानि केस में बरी
यश भारत वेब डेस्क | लखनऊ/सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया। लखनऊ से सुल्तानपुर जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफिले के पीछे चल रहे वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में 5 गाड़ियां और एक एम्बुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें कुछ सुरक्षाकर्मी और कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। हालांकि, राहुल गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
हादसे के बाद राहुल गांधी सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत पहुंचे, जहां 8 साल पुराने अमित शाह मानहानि मामले में अदालत ने उन्हें पूरी तरह से बरी (Acquit) कर दिया है।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 91 KM माइलस्टोन के पास हादसा
अचानक ब्रेक लगने से टक्कर: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर 91 KM माइलस्टोन (हलियापुर क्षेत्र) के पास आगे चल रहे एक निजी वाहन के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे आ रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं।
वाहनों को नुकसान: काफिले के साथ चल रहे कार्यकर्ताओं के वाहनों और सुरक्षा एम्बुलेंस को नुकसान पहुंचा है।
सुरक्षित आगे बढ़े राहुल: राहुल गांधी के मुख्य वाहन को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वे तुरंत गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
सुल्तानपुर MP-MLA कोर्ट का बड़ा फैसला: राहुल गांधी बरी
राहुल गांधी 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में पेशी के लिए सुल्तानपुर पहुंचे थे।
क्या था मामला? कर्नाटक चुनाव के दौरान वर्ष 2018 में राहुल गांधी ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष (वर्तमान गृह मंत्री) अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी।
परिवाद दाखिल: सुल्तानपुर के भाजपा नेता विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को मानहानि का केस दर्ज कराया था।
अदालत का फैसला: सोमवार को जज शुभम वर्मा की विशेष MP-MLA कोर्ट ने दोनों पक्षों की सुनवाई पूरी करते हुए राहुल गांधी को इस केस से बरी कर दिया, जिससे कांग्रेस खेमे में राहत की लहर है।











