झुकेही रैक प्वाइंट पर आई 765मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट खाद की रैक,आगामी 3-4 दिनों में कटनी जिले को मिलेगी 3हजार 153 मीट्रिक टन खाद
झुकेही रैक प्वाइंट पर आई 765मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट खाद की रैक,आगामी 3-4 दिनों में कटनी जिले को मिलेगी 3हजार 153 मीट्रिक टन खाद
कटनी।जिले के किसानों को रबी फसल के लिए जरूरी खाद उपलब्ध कराने के कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव के प्रयास फलीभूत हुए और अगले तीन-चार दिन तक लगातार कटनी जिले के लिए उर्वरक की रैक झुकेही प्वाइंट पर आती रहेंगी। इनसे कटनी जिले को रिकॉर्ड 3 हजार 153 मीट्रिक टन खाद की आपूर्ति होगी।
इसी क्रम में कटनी जिले के लिए आज शुक्रवार को झुकेही रैक प्वाइंट पर ट्रिपल सुपर फास्फेट खाद की 765 मीट्रिक टन की खेप आ गई है।जिसे परिवहन कर लाया जा रहा है। इस उर्वरक में डीएपी के समान 48 फीसदी फास्फोरस है तथा किसान भाइयों से अपील है कि डीएपी के विकल्प के रूप में ट्रिपल सुपर फास्फेट का प्रयोग कर सकते हैं।
जिले में इस समय रबी फसल की बोनी का कार्य जोरों पर है। इसलिए अन्नदाता किसानों के हित को सर्वोपरि रखते हुए कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों से व्यक्तिगत चर्चा कर कटनी-जिले को उर्वरक उपलब्ध कराने का आग्रह किया था और इन्हीं सार्थक प्रयासों की वजह से जिले को बड़ी मात्रा में उर्वरक की खेप मिलने जा रही है। जिले के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है कि 3-4 दिनों के भीतर जिले को रिकॉर्ड 3 हजार 153 मीट्रिक टन खाद मिलने जा रही है। इसमें 1 हजार 90 मीट्रिक टन डी ए पी,1 हजार 305 मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट और 758 मीट्रिक टन अमोनियम फास्फेट सल्फेट 20:20:0:13 शामिल है। इसलिए किसान भाई धैर्य रखें, खाद विक्रय केन्द्र में व्यवस्था बना कर रखें। पर्याप्त खाद की मात्रा आने से सभी को ज़रूरत के मुताबिक आसानी से खाद मिलेगी।
डीएपी खाद
जिले को मिलने वाली 1 हजार 90 मीट्रिक टन डी ए पी खाद में से 415 मीट्रिक टन डीएपी खाद डबल लॉक केंद्र कटनी और 515 मीट्रिक टन डी ए पी डबल लॉक केंद्र बहोरीबंद को उपलब्ध कराई जाएगी। जबकि सहकारी विपणन समिति कटनी और सहकारी विपणन समिति उमरियापान ढीमरखेड़ा को 50-50 मीट्रिक टन तथा एम पी एग्रो कटनी को 60 मीट्रिक टन डी ए पी किसानों को वितरित करने मुहैया कराई जाएगी।
ट्रिपल सुपर फास्फेट
आज़ शुक्रवार को झुकेही रैक प्वाइंट पर पहुंची 765 मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट को परिवहन कर जिले में लाया जा रहा है। इसमें से 315 मीट्रिक टन कटनी डबल लॉक केंद्र को और 300 मीट्रिक टन बहोरीबंद डबल लॉक केंद्र को तथा 60-60 मीट्रिक टन सहकारी विपणन समिति कटनी और उमरियापान ढीमरखेड़ा एवं एम पी एग्रो कटनी को 30 मीट्रिक टन प्रदान की जायेगी। जल्दी ही दो -तीन दिनों के भीतर 540 मीट्रिक टन ट्रिपल सुपर फास्फेट की एक और रैक झुकेही प्वाइंट पर आने वाली है।
अमोनियम फास्फेट सल्फेट
इसी प्रकार कटनी जिले को अमोनियम फास्फेट सल्फेट 20:20:0:13 की 758 मीट्रिक टन की खेप मिलने जा रही है।इस खाद की 301 मीट्रिक टन डबल लॉक केंद्र कटनी और 377 मीट्रिक टन डबल लॉक केंद्र बहोरीबंद को तथा सहकारी विपणन समिति कटनी और सहकारी विपणन समिति उमरियापान ढीमरखेड़ा एवं एम पी एग्रो को क्रमशः 60-60 मीट्रिक टन अमोनियम फास्फेट सल्फेट 20:20:0:13 उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे रबी फसल की बोनी के मद्देनजर विक्रय केन्द्रों में प्रतिदिन खाद की उपलब्धता, उर्वरक विक्रय केन्द्रों की नियमित निगरानी और दुकान के बाहर सूचना पटल पर उपलब्ध खाद की मात्रा और दर सूची लगवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पूर्व में जारी निर्देश के तहत प्रत्येक खाद विक्रय केन्द्र की निगरानी के लिए कर्मचारी की तैनाती भी सुनिश्चित किया जाए।
वहीं उपसंचालक कृषि मनीष मिश्रा ने किसानो से आग्रह किया है कि वे ट्रिपल सुपर फास्फेट खाद का डीएपी उर्वरक के विकल्प के रूप में प्रयोग करें। इसमें डीएपी के समान ही 48 फीसदी फास्फोरस है ।

