Sunday, April 26, 2026
Latest:
katniLatestमध्यप्रदेश

ट्रेनों के स्टापेज की मांग को लेकर स्लीमनाबाद स्टेशन में भडक़ा जन आक्रोश, ग्राम विकास संघर्ष समिति के तत्वाधान में आयोजित हुए आंदोलन को मिली सफलता

कटनी(YASHBHARAT.COM)। स्लीमनाबाद रोड स्टेशन में विभिन्न ट्रेनों के स्टापेज की मांग को लेकर आज स्लीमनाबाद रोड स्टेशन पर जनआक्रोश का सैलाब उमड़ पड़ा। ग्राम विकास संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित इस वृहद आंदोलन में सुबह 8 बजे से ही हजारों की संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, अपडाउनर्स और ग्रामीण जुटना शुरू हो गए थे। आंदोलनकारियों की स्पष्ट मांग थी कि स्लीमनाबाद रोड स्टेशन में प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। IMG 20260310 WA0001आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने मुख्य रूप से रीवा-इतवारी एक्सप्रेस, जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग रेल अधिकारियों के समक्ष रखी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्लीमनाबाद एक महत्वपूर्ण केंद्र है लेकिन ट्रेनों के न रुकने से व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को मजबूरन लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।

रेलवे अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर शांत हुआ आक्रोश

आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर डीआरएम कार्यालय से वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराते हुए आश्वस्त किया कि उनकी मांगें प्रक्रिया में हैं। इस दौरान एक आधिकारिक पत्र भी सौंपा गया। जिसमें बताया गया कि गाड़ी संख्या 11753/54 रीवा-इतवारी एक्सप्रेस के प्रायोगिक ठहराव के लिए रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है, जिसकी अधिसूचना जल्द जारी होगी। इसके अलावा जबलपुर-अंबिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और जबलपुर-सिंगरौली इंटरसिटी एक्सप्रेस के स्टॉपेज के ठहराव का प्रस्ताव भी रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। जिसमें भी जल्द निर्णय होगा और ये दोनों ट्रेनें भी स्लीमनाबाद रोड स्टेशन में रूकेंगी। अधिकारियों के इस लिखित आश्वासन के बाद ग्राम विकास संघर्ष समिति ने फिलहाल आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक