katniLatest

Project Pakh In Katni 2024: कटनी में 02 जनवरी से शुरू होगा ड्रोन प्रशिक्षण

Project Pakh In Katni 2024: कटनी में 02 जनवरी से ड्रोन प्रशिक्षण शुरू होगा।  जि़ला प्रशासन के नवाचार प्रोजेक्ट पंख के अन्तर्गत निःशुल्क ड्रोन प्रशिक्षण का नवीन बैच आगामी 02 जनवरी से प्रारंभ होंगी। कलेक्टर श्री अवि प्रसाद ने इसके लिए आवश्यक दिशा – निर्देश जारी किया है।

 

कलेक्टर अवि प्रसाद नें दिये आवश्यक दिशा- निर्देश

कलेक्टर श्री प्रसाद ने आगामी प्रशिक्षण बैच शीघ्र प्रारंभ कराये जाने हेतु दस्तावेज परीक्षण, साक्षात्कार व अन्य प्रक्रिया पूर्ण कर बैच तैयार कर नियत समय में प्रशिक्षण प्रारंभ कराने हेतु कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं ।

मिनी रत्न कंपनी ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट इंडिया लिमिटेड

उल्लेखनीय है कि जिले के युवाओं को तकनीक की मुख्य धारा से जोड़ने हेतु जि़ला प्रशासन द्वारा नवाचार प्रोजेक्ट पंख का क्रियान्वयन किया जा रहा है, इस प्रोजेक्ट के तहत केंद्र सरकार की मिनी रत्न कंपनी ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसल्टेंट इंडिया लिमिटेड के अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा उच्च गुणवत्ता युक्त अत्याधुनिक सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस लैब व क्लासरूम में ड्रोन तकनीक का संपूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

ड्रोन के साथ साथ ड्रोन किट्स, टूल्स व पार्ट्स आदि के उपयोग से ड्रोन बनाना भी सिखाया

 

लैब में आधुनिक ड्रोन सिम्युलेटर भी लगाये गये हैं, साथ ही लैब में विभिन्न प्रकार के ड्रोन के साथ साथ ड्रोन किट्स, टूल्स व पार्ट्स आदि के उपयोग से ड्रोन बनाना भी सिखाया जा रहा है। जिसके तहत प्रशिक्षणार्थी ड्रोन उड़ाने के साथ ही साथ ड्रोन तकनीक की सभी विधाओं में महारत हासिल कर रहे हैं ।

बताते चलें कि देश में ड्रोन हब बन रहे कटनी जि़ले के युवाओं के इस हुनर को देख कर देश की बड़ी ड्रोन कंपनियाँ प्रशिक्षित व्यक्तियों की तलाश में जि़ले का रुख़ कर रही हैं।  इसी क्रम में कई बड़ी ड्रोन कंपनियों द्वारा विगत दिवसों में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में स्थापित प्रोजेक्ट पंख केंद्र में कैंपस का आयोजन कर 44 प्रशिक्षणार्थियों को रोज़गार प्रदान किया गया है ।

प्रथम बैच के 44 प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण

कलेक्टर अवि प्रसाद नें प्रथम बैच के 44 प्रशिक्षणार्थियों के प्रशिक्षण पूर्ण करने के पूर्व ही बड़ी कंपनियों में रोज़गार मिलने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए प्रोजेक्ट पंख की पूरी टीम को बधाई दी एवं कहा कि निश्चित ही यह प्रोजेक्ट कटनी को ड्रोन तकनीक के प्रशिक्षित मैनपावर का हब बनाने की संकल्पना को पूरा करेगा। कलेक्टर श्री प्रसाद ने जि़ले के अन्य युवाओं को लाभान्वित करने हेतु आगामी बैच के प्रशिक्षण का कार्य 02 जनवरी से प्रारंभ करने के निर्देश दिये साथ ही जि़ले के युवाओं से अपील की कि वे बढ़-चढ़ कर इस निःशुल्क प्रशिक्षण का लाभ लें ।

500 युवाओं को ड्रोन तकनीक में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया

 

ई- गवर्नेंस के जिला प्रबंधक सौरभ नामदेव ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत लगभग 500 युवाओं को ड्रोन तकनीक में प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रथम चरण में लगभग 170 प्रशिक्षणार्थियों को ड्रोन तकनीक का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया गया एवं कलेक्टर अवि प्रसाद के मार्गदर्शन में आगामी बैच प्रारंभ करने की प्रक्रिया की जा रही है ।

प्रोजेक्ट पंख के तहत आवेदन

जिला प्रबंधक ई- गवर्नेंस ने बताया कि प्रोजेक्ट पंख के तहत आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया सतत चालू है, इच्छुक व्यक्ति शासकीय तिलक महाविद्यालय, शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और शासकीय महिला कॉलेज में स्थापित आवेदन केंद्रों में आवेदन जमा करा सकते हैं। विदित हो कि ड्रोन प्रशिक्षण हेतु 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके न्यूनतम 12वी या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण एवं ड्रोन क्षेत्र में कैरियर बनाने हेतु इच्छुक कोई भी व्यक्ति प्रशिक्षण हेतु आवेदन कर सकते हैं । यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है ।

Back to top button