जिले में सही दिशा में नहीं हो रही पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को घेरा
दिशा की बैठक में चाकूबाजी, चोरी और लूट सहित बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर उठे सवाल, जनता की सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जताई चिंत
कटनी(YASHBHARAT.COM)। जिले में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। कटनी जिले के जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में कानून-व्यवस्था का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जिले में पुलिसिंग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए पुलिस अधीक्षक का ध्यान बढ़ती आपराधिक गतिविधियों की ओर आकर्षित किया।
बैठक में चाकूबाजी, चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर चिंता जाहिर की गई। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने की जरूरत है। जिस तरह से आपराधिक घटनाओं की शिकायतें सामने आ रही हैं, उससे आम जनता के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अपराधों पर नियंत्रण को लेकर पुलिसिंग पर सवाल
कटनी जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सबसे बड़ा मुद्दा यह है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों नजर नहीं आ रहा है? चोरी, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाएं आम नागरिकों की चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसे में पुलिस की गश्त, अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जैसे विषयों पर गंभीरता से काम करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों की नाराजगी के बाद पुलिस विभाग की जिम्मेदारी बढ़ी
दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा पुलिस अधीक्षक को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरना इस बात का संकेत है कि जिले की पुलिसिंग को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। जनप्रतिनिधियों की अपेक्षा है कि पुलिस केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अपराध होने से पहले ही प्रभावी रणनीति बनाकर अपराधों पर अंकुश लगाए।
जनता पूछ रही सवाल, कब सुधरेगी कानून-व्यवस्था?
सबसे बड़ा सवाल आम नागरिकों की सुरक्षा का है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोगों को अपने घर, दुकान और परिवार की सुरक्षा की चिंता सताती है। यदि चोरी, लूट और चाकूबाजी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हुआ तो जनता का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हो सकता है।
अब सवाल यह है कि दिशा की बैठक में उठे मुद्दों के बाद पुलिस विभाग अपनी कार्यप्रणाली में क्या बदलाव करता है? क्या जिले में रात्रिकालीन गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई बढ़ाई जाएगी या फिर कानून-व्यवस्था को लेकर उठने वाले सवाल महज बैठकों तक ही सीमित रह जाएंगे?
कटनी की जनता को आश्वासन नहीं, बल्कि सुरक्षित माहौल और अपराधों पर ठोस नियंत्रण की जरूरत है।














