पीएम मोदी का गुजरात-महाराष्ट्र दौरा: वडोदरा को ₹35,000 करोड़ की सौगात, मुंबई में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी का गुजरात-महाराष्ट्र दौरा: वडोदरा को ₹35,000 करोड़ की सौगात, मुंबई में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ का करेंगे उद्घाटन
भोपाल/इंदौर (यशभारतडॉट कॉम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। अपने इस व्यस्त दौरे के दौरान वे देश को ₹35,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और मुंबई में आयोजित ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ का भव्य शुभारंभ करेंगे।
वडोदरा में जेन-जी (Gen-Z) से सीधा संवाद, 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट तैयार
प्रधानमंत्री के दौरे की शुरुआत वडोदरा से होगी, जहां वे रेल, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पीएम मोदी का ‘जेन-जी’ (युवा पीढ़ी) के साथ सीधा संवाद रहेगा। पीएम मोदी को सुनने और इस खास पल का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इस विशेष आयोजन के लिए वडोदरा में 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट स्टेज और भव्य वॉटरप्रूफ डोम तैयार किया गया है, जिस पर पैदल चलते हुए पीएम मोदी युवाओं का अभिवादन स्वीकार करेंगे।
₹35,000 करोड़ की प्रमुख परियोजनाएं:
- वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC): ₹20,700 करोड़ से अधिक की लागत से तैयार 326 किमी लंबे फ्रेट कॉरिडोर के अंतिम तीन प्रमुख खंड राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।
- रेल व सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर: ₹9,700 करोड़ की रेलवे परियोजनाओं और ₹1,780 करोड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग सुधार कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।
- मध्य प्रदेश को सीधा फायदा: छोटा उदयपुर-धार परियोजना के तहत जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन का लोकार्पण होगा। साथ ही वडोदरा-रतलाम 3rd व 4th रेल लाइन से एमपी और गुजरात के बीच कनेक्टिविटी को नई गति मिलेगी।
मुंबई में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ का उद्घाटन
वडोदरा के कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री शाम को मुंबई पहुंचेंगे। वहां वे जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित 7वें ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट’ (GFF) का उद्घाटन करेंगे। इस वैश्विक सम्मेलन में दुनियाभर के फिनटेक दिग्गज, नीति निर्माता, और निवेशक शामिल हो रहे हैं, जिन्हें पीएम मोदी संबोधित करेंगे।








