PM Modi का ट्वीट- फिर मुस्कुराएगा INDIA और फिर जीत जाएगा इंडिया

pmnarendra modi

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस पर लोगों को कोरोना वायरस (Coronavirus) से निपटने के लिए सामाजिक दूरी बनाये रखने तथा डॉक्टरों, नर्सों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार प्रकट करने के संकल्प की याद दिलायी, साथ ही कहा कि भारत इस लड़ाई में जीतेगा.

मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘भारत इससे लड़ेगा, फिर मुस्कुराएगा इंडिया और फिर जीत जाएगा इंडिया…’ उन्होंने ट्वीट के साथ ‘मुस्कुरायेगा इंडिया’ वीडियो भी जारी किया .

प्रधानमंत्री ने दोहराया संकल्प
उन्होंने कहा, ‘आज विश्व स्वास्थ दिवस पर हम न केवल एक दूसरे के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें बल्कि कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई की अगुवाई करने वाले डॉक्टरों, नर्सों, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार प्रकट करने के संकल्प को दोहरायें.’ प्रधानमंत्री ने कहा कि इस विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हम सामाजिक दूरी जैसे कदमों का पालन करना सुनिश्चित करके न केवल अपने जीवन को बल्कि दूसरों के जीवन को सुरक्षित कर सकते हैं .

उन्होंने इस अवसर पर लोगों से वर्षभर व्यक्तिगत फिटनेस पर ध्यान देने को कहा ताकि इससे सम्पूर्ण स्वास्थ्य बेहतर बनाने में मदद मिल सके.

देश में इतने हो गए मामले
स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4421 हो गई है. इनमें से 3981 एक्टिव केस हैं. 24 घंटे में कोरोना के 354 मामले सामने आए हैं. वहीं, 5 लोगों की मौत भी हुई है. अब तक 325 लोग कोरोना से ठीक हो चुकी है, जबकि कुल मिलाकर 114 लोगों की जान जा चुकी है. (एजेंसी इनपुट)