PM मोदी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर किया विमर्श, एजुकेशन पोर्टल व शिक्षा विशेष चैनलों पर कक्षावार प्रसारण पर चर्चा

pmnarendra modi

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) समेत शिक्षा क्षेत्र में जरूरी बदलावों पर विमर्श किया।इस दौरान पीएम मोदी ने शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के इस्तेमाल पर बल दिया। उन्होंने ऑनलाइन क्लासेस, एजुकेशन पोर्टल व शिक्षा विशेष चैनलों पर कक्षावार प्रसारण जैसी तकनीक के इस्तेमाल व सीखने की क्षमता को बढ़ाने की बात कही।सरकार की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि विमर्श के दौरान शैक्षणिक बदलाव की तरफ कदम बढ़ाने का फैसला लिया गया, ताकि सभी को उच्च गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान की जाए और भारत शिक्षा के क्षेत्र में विश्व गुरु बने।

उल्लेखनीय है कि लॉकडाउन के दौरान शिक्षण संस्थान छात्रों की मदद के लिए कई प्रकार के ऑनलाइन टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षा नीति 1986 में तैयार की गई थी और 1992 में इसमें बदलाव किया गया था। राष्ट्रीय शिक्षा नीति को बने हुए तीन दशक से ज्यादा समय बीत गया है और अब नई शिक्षा नीति की जरूरत है।