Latest

PM मोदी के खिलाफ विवादित बयानों का सिलसिला जारी, अब राबड़ी-निरुपम ने कही ऐसी बात

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव खत्म होने में अब भले ही चंद दिन बचे हैं, लेकिन नेताओं की विवादित बयानबाजी बढ़ती जा रही है। खासतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कई नेता अपशब्दों का इस्तेमाल कर चुके हैं। बुधवार को बिहार में राबड़ी देवी ने ऐसा ही बयान दिया और मोदी को जल्लाद बता दिया। इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोदी को झूठा करार दिया था। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी को ‘दुर्योधन’ कहा। पढ़िए पूरी बयानबाजी –

ममता बनर्जी: पीएम मोदी को थप्पड़ मारने का मन करता है। मैंने ऐसा झूठा प्रधानमंत्री नहीं देखा। जब चुनाव आते हैं तो राम नाम जपने लगते हैं।

प्रियंका गांधी: देश ने अहंकार को कभी माफ नहीं किया। ऐसा अहंकार दुर्योधन में भी था। जब भगवान कृष्ण उन्हें समझाने के लिए गए थे, तब दुर्योधन ने उन्हें बंधक बनाने की कोशिश की। जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।

राबड़ी देवी: प्रियंका गांधी ने नरेंद्र मोदी को दुर्योधन बोलकर गलत किया है, दूसरी भाषा बोलना चाहिए उनको, वो सब तो जल्लाद हैं। जो जज को और पत्रकार को मरवा देता है, उठवा लेता है। ऐसे आदमी का मन और विचार कैसा होगा, खूंखार होगा।

संजय निरुपम: वाराणसी आकर के मुझे महसूस होता है कि यहां के लोगों ने जिस व्यक्ति को चुना है, वह नरेंद्र मोदी दरअसल औरंगजेब के आधुनिक अवतार हैं, क्योंकि बनारस में कॉरिडोर के नाम पर जिस तरीके से मोदीजी के इशारे पर सैकड़ों मंदिरों को तुड़वाया गया है, जिस तरीके से मोदीजी के इशारे पर मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए 550 रुपये का फीस लगाया गया है, फाइन लगाया गया है, चार्ज लगाया गया है, वह इस बात का सबूत है कि जो काम औरंगजेब नहीं कर पाया, वह नरेंद्र मोदी कर रहे हैं।’

राजीव गांधी के खिलाफ मोदी के बयान भड़की कांग्रेस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी हालिया रैली में राजीव गांधी को लेकर टिप्पणी की थी। मोदी ने कहा था, उनके पिता (राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी) का जीवन एक नंबर के भ्रष्ट नेता के तौर पर समाप्‍त हो गया।

इसके बाद से कांग्रेस भड़क गई है। मोदी के खिलाफ पहले चुनाव आयोग में और फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है। मोदी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘मोदी जी, अब लड़ाई खत्म हो चुकी है। आपका कर्म आपका इंतजार कर रहा है…. मेरी तरफ से आपको ढेर सारा प्यार।’

वहीं मोदी पर ममता बनर्जी के बयान पर जवाब देते हुए विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा, ‘ममता जी, आज आपने सारी हदें पार कर दीं। आप प्रदेश की मुख्यमंत्री हैं और मोदी जी देश के प्रधानमंत्री हैं। कल आपको उन्हीं से बात करनी है। इसलिए बशीर बद्र का एक शेर याद दिला रही हूं: दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों।’

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम

Leave a Reply