Monday, May 18, 2026
Latest:
FEATUREDLatest

पापा ये मुझे मार रहे हैं…’ आखरी कॉल के कुछ ही घंटे बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दी गई बेटी, ग्रेटर नोएडा से झकझोर देने वाली खबर

ग्रेटर नोएडा: पापा ये मुझे मार रहे हैं…’ आखरी कॉल के कुछ ही घंटे बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दी गई बेटी, ग्रेटर नोएडा से झकझोर देने वाली खबर। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से कथित दहेज हत्या का एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी में 1 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ससुराल वाले लगातार फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये कैश की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उन्होंने विवाहिता को पीट-पीटकर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही एक्शन में आई नोएडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

NEET UG 2026: सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, लातूर के नामी RCC कोचिंग संचालक शिवराज मोटेगांवकर गिरफ्तार; मोबाइल में मिला लीक पेपर

चीन की बढ़ेगी टेंशन: समंदर को मिलेगा नया ‘सिकंदर’, भारत-जर्मनी के बीच 99,000 करोड़ रुपये की सबमरीन डील तय

पापा ये मुझे मार रहे हैं…’ आखरी कॉल के कुछ ही घंटे बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दी गई बेटी, ग्रेटर नोएडा से झकझोर देने वाली खबर

शादी में खर्च किए थे 1 करोड़ रुपये

सामने आई जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान दीपिका नागर के रूप में हुई है। दीपिका के पिता संजय (निवासी गाजियाबाद) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा के रहने वाले ऋतिक के साथ बड़े धूमधाम से की थी। इस शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के मुताबिक करीब 1 करोड़ रुपये खर्च किए थे।

फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख कैश की मांग

पिता का आरोप है कि इतना खर्च करने के बाद भी दीपिका के ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। शादी के कुछ समय बाद से ही पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम और अन्य ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के रूप में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से बेरहमी से प्रताड़ित किया जाता था। पिता ने कई बार दोनों पक्षों को बिठाकर समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।

फोन पर कहा- ‘बचा लो पापा, ये मार रहे हैं’

पीड़ित पिता ने बताया कि 17 मई को दीपिका ने उन्हें फोन कर रोते हुए कहा था कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और तुरंत गाड़ी व पैसे लाने की धमकी दे रहे हैं। बेटी की जान खतरे में देख पिता संजय उसी शाम जलपुरा पहुंचे और बातचीत कर मामला शांत कराने के बाद वापस लौट आए।

लेकिन उसी रात उनके पास फोन आया कि दीपिका छत से नीचे गिर गई है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है। जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तो दीपिका दम तोड़ चुकी थी। परिजनों के मुताबिक, दीपिका के शरीर पर चोटों के गहरे निशान थे, जिससे साफ है कि उसे बेरहमी से पीटने के बाद तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर उसकी हत्या की गई।

पुलिस की कार्रवाई: पति और ससुर सलाखों के पीछे

इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित पिता ने मृतका के पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा व तन्वी, और चचिया ससुर प्रमोद व विनोद सहित परिवार के कई सदस्यों के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Usha Pamnani

20 वर्षों से डिजिटल एवं प्रिंट मीडिया की पत्रकारिता में देश-विदेश, फ़िल्म, खेल सहित सामाजिक खबरों की एक्सपर्ट, वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में वरिष्ठ जिला प्रतिनिधि