Wednesday, April 8, 2026
Latest:
Latest

One Year of Modi 2.0: मोदी का खुला पत्र – कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हम विजय पथ की ओर

नई दिल्ली। Modi 2.0: कोरोना संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में भारत विजय पथ पर अग्रसर है और जीत सुनिश्चित है। दूसरे कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर आम जनता को लिखे खुले पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता की सामूहिक शक्ति पर भरोसा जताते हुए कहा 130 करोड़ भारतीयों का वर्तमान और भविष्य कोई आपदा या विपत्ति तय नहीं कर सकती। सरकार के पिछले एक साल के कामकाज का लेखा-जोखा देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने पूरी सजगता, संवेदनशीलता के साथ काम किया है।

लॉकडाउन के कारण राजनीतिक रैलियों पर पाबंदी व शारीरिक दूरी के दिशा-निर्देशों को देखते हुए प्रधानमंत्री ने खुले पत्र के माध्यम से जनता के साथ संवाद कायम करने का फैसला लिया। प्रधानमंत्री के अनुसार लॉकडाउन के कारण हो रही परेशानियों के बावजूद सामूहिक संकल्प शक्ति के बल पर हम कोरोना को भारत में उस तरह फैलने से रोकने में सफल रहे, जैसी आशंका जताई जा रही थी। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में विजय पथ पर अग्रसर हैं और इसमें जीत सुनिश्चित है। इसके लिए आम लोगों को कोरोना से बचने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की जरूरत बताते हुए उन्होंने कहा कि हमारे एक हाथ में कर्म और कर्तव्य है, तो दूसरे हाथ में सफलता सुनिश्चित है।

प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार कोरोना के बाद अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाना दुनिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती बन गई है। उनके अनुसार भारत में आर्थिक क्षेत्र में दुनिया को चकित और प्रेरित करने का सामर्थ्य है। लेकिन इसके लिए पहले देश को आत्मनिर्भर बनाना होगा। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि 20 लाख करोड़ रुपए के आत्मनिर्भर भारत पैकेज के सहारे भारत आयात पर निर्भरता कम कर आत्मनिर्भर बनने में सफल होगा। वैसे उन्होंने यह स्वीकार किया कि यह काम इतना आसान नहीं है और देश के सामने बहुत सारी चुनौतियां और समस्याएं हैं। जिन्हें दूर करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम